वाराणसी एयरपोर्ट पर IndiGo फ्लाइट रद्द, FDTL नियम के चलते 179 यात्री रातभर फंसे
वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर मंगलवार को IndiGo एयरलाइंस की कोलकाता जाने वाली फ्लाइट रद्द हो गई। कोहरे के कारण विमान के देरी से पहुंचने और पायलट-कैबिन क्रू की FDTL समाप्त होने से यह फैसला लिया गया, जिससे 179 यात्री पूरी रात एयरपोर्ट और होटल में फंसे रहे।
कोहरे के कारण बिगड़ा उड़ान शेड्यूल
जानकारी के अनुसार, कोलकाता से वाराणसी आने वाली IndiGo फ्लाइट को दोपहर 1:00 बजे लैंड करना था, लेकिन घने कोहरे के कारण विमान करीब 4 घंटे देरी से शाम 5:00 बजे एयरपोर्ट पहुंचा। इस देरी के चलते पायलट और चालक दल की ड्यूटी अवधि पूरी हो चुकी थी।
FDTL नियम का हवाला देकर पायलट ने उड़ान से किया इनकार
विमान के वाराणसी पहुंचने के बाद, पायलट और क्रू मेंबर्स ने सुरक्षा नियमों का हवाला देते हुए फ्लाइट उड़ाने से इनकार कर दिया। FDTL नियमों के तहत थके हुए पायलट से विमान उड़वाने की अनुमति नहीं होती, ऐसे में एयरलाइन को फ्लाइट रद्द करनी पड़ी।
बोर्डिंग पास हाथ में, लेकिन उड़ान रद्द
वाराणसी से कोलकाता जाने वाले सभी 179 यात्रियों ने समय पर चेक-इन और सुरक्षा जांच पूरी कर ली थी। यात्री बोर्डिंग पास लेकर होल्ड एरिया में बैठे थे, तभी अचानक फ्लाइट रद्द होने की सूचना दी गई। इस खबर के बाद यात्रियों में आक्रोश फैल गया और एयरपोर्ट पर हंगामा हुआ, हालांकि बाद में उन्हें समझा-बुझाकर होटल में ठहराया गया।
अगले दिन यात्रियों को भेजा गया कोलकाता
यात्रियों की परेशानी को देखते हुए एयरलाइन ने बुधवार को वैकल्पिक व्यवस्था की और सभी यात्रियों को कोलकाता रवाना किया।
एयरपोर्ट निदेशक ने क्या कहा?
एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि पायलट और क्रू के लिए ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) नियम सख्ती से लागू होता है।उन्होंने स्पष्ट किया कि उस समय वैकल्पिक पायलट और क्रू उपलब्ध नहीं थे, इसलिए विमान को ग्राउंडेड करना पड़ा। यात्रियों की असुविधा को ध्यान में रखते हुए अगले दिन वैकल्पिक फ्लाइट की व्यवस्था की गई।








