उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के आगमन और भव्य स्वागत कार्यक्रम के चलते यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। सुबह करीब 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर भीषण जाम लगा रहा, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
सबसे ज्यादा असर अयोध्या रोड पर देखने को मिला, जहां कामता तिराहे से इस्माइलगंज तक लंबा जाम लगा रहा। वहीं शहीद पथ पर कामता से हुसड़िया तक वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं। जाम के कारण दफ्तर, स्कूल और जरूरी कामों से निकले लोग समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सके। इस दौरान एम्बुलेंस भी जाम में फंसी रहीं, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं पर भी असर पड़ा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के अवध क्षेत्र में प्रथम आगमन पर लखनऊ महानगर भाजपा की ओर से भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। डालीबाग स्थित नैमिषारण्य गेस्ट हाउस में सुबह 8 बजे से ही हजारों कार्यकर्ता जुटने लगे। शंखनाद, पुष्प वर्षा, ढोल-नगाड़ों और मंत्रोच्चार के साथ पंकज चौधरी का जोरदार अभिनंदन किया गया। इसके बाद गाड़ियों के बड़े काफिले के साथ वे शहर के विभिन्न इलाकों से होते हुए निकले, जहां जगह-जगह स्वागत कार्यक्रम हुए।
मीडिया प्रभारी के अनुसार, नैमिषारण्य गेस्ट हाउस से निकलकर काफिला समता मूलक चौराहे, वेव मॉल और अन्य स्थानों से गुजरा। भव्य स्वागत के बाद जनप्रतिनिधियों और हजारों कार्यकर्ताओं के साथ पंकज चौधरी अयोध्या दर्शन के लिए रवाना हुए। इसी दौरान पॉलिटेक्निक से लेकर बाराबंकी तक लंबा जाम लगा रहा।
पुराने लखनऊ में पाण्डेयगंज–रकाबगंज चौराहा जाम का हॉटस्पॉट बना रहा। संकरी सड़कों पर माल बुकिंग करने वाले भारी वाहनों, सड़क किनारे सब्जी विक्रेताओं और अव्यवस्थित पार्किंग ने हालात और बिगाड़ दिए। पुलिस की पर्याप्त मौजूदगी न होने से स्थिति इतनी खराब हो गई कि पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया। स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों में इस अव्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी गई।








