UP News: प्रयागराज मेला प्राधिकरण ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को दूसरा नोटिस जारी किया
प्रयागराज मेला प्राधिकरण ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को दूसरा नोटिस जारी करते हुए कड़ी चेतावनी दी है। नोटिस में कहा गया है कि मौनी अमावस्या के दिन भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न करने के प्रयास को गंभीरता से लिया गया है और इसी आधार पर मेला क्षेत्र में उनका प्रवेश हमेशा के लिए प्रतिबंधित क्यों न कर दिया जाए, इस पर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
24 घंटे में जवाब देने का निर्देश
मेला प्रशासन की ओर से यह नोटिस 18 जनवरी को जारी किया गया था, जिसमें स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से 24 घंटे के भीतर जवाब देने को कहा गया था। हालांकि यह नोटिस उनके शिविर के पीछे वाले हिस्से पर चस्पा किया गया था।
तीन दिन बाद मिली नोटिस की जानकारी
इस नोटिस की जानकारी तब सामने आई, जब मेला प्रशासन के कर्मचारी शिविर में पहुंचे और इसकी सूचना दी। बताया जा रहा है कि जब तक स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को नोटिस के बारे में पता चला, तब तक करीब तीन दिन बीत चुके थे, जिससे जवाब देने की समय-सीमा भी निकल चुकी थी।
मेला प्रशासन का सख्त रुख
मेला प्राधिकरण का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी व्यक्ति या संस्था को ऐसी गतिविधियों की अनुमति नहीं दी जा सकती, जिससे भीड़ नियंत्रण या कानून-व्यवस्था प्रभावित हो। प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।








