UGC Rules Row: नए नियमों के खिलाफ सवर्ण समाज का विरोध, BJP विधायक अनिल सिंह का बयान वायरल
UGC New Rules Controversy: नए UGC नियमों को लेकर देशभर में सवर्ण समाज के विरोध की आवाज तेज होती जा रही है। सवर्ण अधिकारी, सामाजिक संगठन और अब जनप्रतिनिधि भी इस बिल की मुखालफत करते नजर आ रहे हैं। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से BJP विधायक अनिल सिंह का एक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि उन्नाव की पुरवा विधानसभा से विधायक अनिल सिंह ने हाल ही में अपने क्षेत्र के असोहा ब्लॉक में आयोजित एक जनसभा के दौरान UGC बिल को लेकर खुलकर अपनी बात रखी।
जनसभा में बोले BJP विधायक अनिल सिंह
वायरल हो रहे करीब 1 मिनट 53 सेकंड के वीडियो में विधायक अनिल सिंह कहते नजर आ रहे हैं कि हिंदी फिल्मों में वर्षों से ठाकुरों और सवर्ण समाज को शोषणकर्ता के रूप में दिखाया जाता रहा है। उनका कहना है कि अब उसी सोच को कानूनी रूप देने की कोशिश की जा रही है, जो गलत है।
उन्होंने कहा कि “सवर्ण समाज हजारों साल से गालियां खा रहा है, इसमें कोई नई बात नहीं है।”यह बयान उन्होंने विश्वविद्यालयों से जुड़े नियमों, रैगिंग और मारपीट जैसे मामलों में सुप्रीम कोर्ट के संज्ञान के संदर्भ में दिया।
फिल्मों में सवर्णों के चित्रण पर उठाए सवाल
अपने संबोधन में विधायक ने बॉलीवुड फिल्मों का जिक्र करते हुए कहा कि फिल्मों में अक्सर ठाकुरों को नकारात्मक भूमिका में दिखाया जाता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि—“फिल्म के अंत में ठाकुर साहब मारे जाते हैं, लेकिन समाज ने कभी इसका विरोध नहीं किया।”
उन्होंने ‘ठाकुर का कुआं’, ‘खेत’ और ‘बैल’ जैसे प्रतीकों का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि ऐसी कहानियां बार-बार सवर्ण समाज को लेकर ही क्यों बनाई जाती हैं।
क्षत्रिय की परिभाषा बताई, धैर्य रखने की अपील
विधायक अनिल सिंह ने अपने भाषण में सवर्ण समाज को त्याग और तपस्या का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि—“क्षत्रिय कोई जाति नहीं है, जो सबके लिए छत्र बनकर खड़ा रहे, वही असली क्षत्रिय है।”उन्होंने सवर्ण समाज से संयम और बड़ा हृदय रखने की अपील करते हुए कहा कि समाज को बदनाम करने की कोशिशों से विचलित नहीं होना चाहिए।








