लखनऊ में आज UGC रेगुलेशन के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान हालात तनावपूर्ण हो गए। सवर्ण मोर्चा और अन्य संगठनों के बैनर तले सैकड़ों प्रदर्शनकारी परिवर्तन चौक पर इकट्ठा हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों के हाथों में तिरंगा था और वे पैदल मार्च निकालते हुए हजरतगंज की ओर बढ़ रहे थे।
परिवर्तन चौक से हजरतगंज तक मार्च, पुलिस की बैरिकेडिंग
दोपहर 12 बजे शुरू हुआ यह मार्च गांधी प्रतिमा तक प्रस्तावित था। हालांकि, जैसे ही जुलूस केडी सिंह बाबू स्टेडियम के पास पहुंचा, लखनऊ पुलिस ने करीब 200 मीटर पहले ही बैरिकेडिंग कर दी।
बैरिकेडिंग से नाराज प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठ गए, कुछ ने विरोध स्वरूप कपड़े उतार दिए और कई लोग पुलिस बस की छत पर चढ़ गए। हालात बिगड़ते देख पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की हुई। स्थिति बेकाबू होने पर पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में ले लिया।
मोहनलालगंज में दुर्गेश सिंह ‘दीपू’ हाउस अरेस्ट
इस बीच श्रीराजपूत करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष दुर्गेश सिंह ‘दीपू’ को मोहनलालगंज के गोपाल खेड़ा स्थित उनके घर में ही नजरबंद कर दिया गया। पुलिस ने एहतियातन यह कदम उठाया ताकि वे प्रदर्शन में शामिल न हो सकें।
अलंकार अग्निहोत्री का BJP पर हमला
पूर्व पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री, जिन्होंने हाल ही में UGC रेगुलेशन के विरोध में इस्तीफा दिया था, ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया। उन्होंने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सवर्ण और ओबीसी वर्ग अब भाजपा से दूर हो चुका है।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि जल्द ही एक नई राजनीतिक पार्टी लॉन्च की जाएगी, जो “सनातनियों के समर्थन” में काम करेगी। उनके इस बयान से यूपी की राजनीति में नई हलचल मच गई है।








