18 दिन अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) में बिताने के बाद ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला सहित चार अंतरिक्ष यात्री सफलतापूर्वक पृथ्वी पर लौट आए हैं। स्पेसएक्स के ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट ने लगभग 23 घंटे की यात्रा पूरी कर आज, 15 जुलाई को दोपहर 3 बजे (भारतीय समयानुसार) कैलिफोर्निया के तट पर सुरक्षित लैंडिंग की। इस समुद्र में लैंडिंग को स्प्लैशडाउन कहा जाता है।

चारों एस्ट्रोनॉट 14 जुलाई की शाम 4:45 बजे ISS से पृथ्वी के लिए रवाना हुए थे। इससे पहले वे 26 जून को शाम 4:01 बजे (भारतीय समयानुसार) अंतरिक्ष स्टेशन पहुंचे थे। एक्सियम मिशन-4 के तहत इनकी उड़ान 25 जून को दोपहर करीब 12 बजे शुरू हुई थी। सभी ने स्पेसएक्स के फाल्कन-9 रॉकेट से जुड़े ड्रैगन कैप्सूल में फ्लोरिडा स्थित कैनेडी स्पेस सेंटर से उड़ान भरी थी।

शुभांशु शुक्ला की ऐतिहासिक वापसी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई देते हुए कहा,
“मैं पूरे देश के साथ ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का उनकी ऐतिहासिक अंतरिक्ष यात्रा से पृथ्वी पर वापसी के लिए स्वागत करता हूं। उन्होंने अपने समर्पण और साहस से अरबों सपनों को प्रेरणा दी है। यह हमारे गगनयान मिशन की दिशा में एक और अहम मील का पत्थर है।”

17 अगस्त तक भारत लौटने की संभावना, मेडिकल जांच और रिहैबिलिटेशन में लगेगा एक सप्ताह
ड्रैगन कैप्सूल से वापसी के बाद शुभांशु शुक्ला के 17 अगस्त तक भारत लौटने की संभावना है। आमतौर पर अंतरिक्ष यात्रियों को पृथ्वी पर लौटने के बाद मेडिकल जांच और रिहैबिलिटेशन प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है, जो करीब सात दिन तक चलती है। इस दौरान उनका शरीर दोबारा पृथ्वी के गुरुत्वाकर्षण के अनुरूप ढलता है। इसके बाद ही उनकी भारत वापसी तय होगी।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *