Lucknow News: SI भर्ती विवाद पर ‘अवसरवादी पंडित’ होर्डिंग, सुसाइड की कोशिश से मामला गरमाया
यूपी पुलिस की दरोगा भर्ती परीक्षा में पूछे गए एक सवाल को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। राजधानी लखनऊ में इस मुद्दे ने अब सियासी रूप ले लिया है। मंगलवार रात समाजवादी पार्टी कार्यालय के बाहर एक विवादित होर्डिंग लगाया गया, जिस पर लिखा था— “हां, मैं हूं अवसरवादी पंडित”। इस पोस्टर पर नीचे सिद्धार्थ मिश्रा, जलालपुर का नाम भी दर्ज था।
दरअसल, यह पूरा मामला उस प्रश्न से शुरू हुआ जिसमें उप निरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा की पहली पाली में ‘अवसरवादी’ शब्द के विकल्प के रूप में ‘पंडित’ दिया गया था। इस सवाल को लेकर अभ्यर्थियों और कई संगठनों ने आपत्ति जताई और इसे आपत्तिजनक बताया। मामला सामने आने के बाद UP Police Recruitment and Promotion Board ने सफाई देते हुए जांच के आदेश जारी कर दिए, लेकिन विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है।
इस बीच यह मुद्दा और गंभीर हो गया जब एक भगवाधारी युवक UP Police Recruitment Board के लखनऊ स्थित मुख्यालय पर आत्मदाह की कोशिश करने पहुंच गया। युवक अपने साथ केरोसीन की बोतल लेकर आया था और गेट के अंदर घुसते ही उसने खुद पर केरोसीन डालना शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत पकड़ लिया और बड़ी घटना टल गई।
युवक की पहचान बुलंदशहर निवासी दीपक शर्मा के रूप में हुई है। उसने आरोप लगाया कि परीक्षा में पूछे गए सवाल को जानबूझकर तैयार किया गया और इसके खिलाफ शिकायत देने के बावजूद FIR दर्ज नहीं की जा रही है। उसका कहना है कि उसने हजरतगंज कोतवाली में लिखित शिकायत दी थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। युवक ने यह भी आरोप लगाया कि एक समुदाय विशेष को निशाना बनाया जा रहा है और उसे न्याय नहीं मिल रहा।
लखनऊ में सपा दफ्तर के बाहर लगे होर्डिंग और आत्मदाह की कोशिश के बाद यह SI भर्ती विवाद अब पूरी तरह राजनीतिक मुद्दा बन चुका है। विभिन्न राजनीतिक दल इस पर अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं, जिससे मामला और तूल पकड़ता जा रहा है। फिलहाल, सभी की नजरें भर्ती बोर्ड की जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।







