उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मड़ियांव इलाके में एक रेस्टोरेंट कर्मी ने आत्महत्या कर ली। उसका शव रेस्टोरेंट के हॉल में छत के पंखे से लटकता मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
हॉल में मिला शव, पास में सुसाइड नोट और मोबाइल
मामला मड़ियांव स्थित गुड बेकर्स रेस्टोरेंट का है। सुबह के समय रेस्टोरेंट खुला हुआ था और कर्मी रोज की तरह काम पर पहुंचा था। कुछ देर बाद वह पहली मंजिल पर बने हॉल में चला गया। काफी समय तक बाहर नहीं आने पर कर्मचारियों ने देखा तो उसका शव पंखे से लटका मिला। हॉल में रखी मेज पर सुसाइड नोट और मोबाइल भी बरामद हुआ।
सुसाइड नोट में लिखा– ईमानदारी पर लगा दाग सहन नहीं
पुलिस को मौके से एक पेज का सुसाइड नोट मिला है। नोट में कर्मी ने खुद को ईमानदार बताते हुए लिखा कि 500 रुपये के हिसाब को लेकर उससे गलती हुई थी। उसे डर था कि उस पर चोरी और बेइमानी का आरोप लग गया है।
नोट में यह भी लिखा गया कि वह “चोरी का दाग लेकर जिंदा नहीं रह सकता” और सभी से अनुरोध किया गया कि उसकी मां का ध्यान रखा जाए।
500 रुपये के विवाद से आहत होने की बात सामने आई
पुलिस जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पहले रेस्टोरेंट में 500 रुपये के हिसाब को लेकर स्टाफ के बीच विवाद हुआ था। इसी को लेकर कर्मी को फटकार लगाई गई थी, जिससे वह मानसिक रूप से आहत था। पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।
परिजनों का हंगामा, CCTV जांच की मांग
घटना की सूचना मिलने पर परिजन और दोस्त मौके पर पहुंचे। उन्होंने रेस्टोरेंट में लगे CCTV कैमरों की जांच की मांग को लेकर हंगामा किया।परिजनों ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाने से रोक दिया और करीब 3 घंटे तक थाने पर प्रदर्शन किया।
रेस्टोरेंट संचालक पर केस, तब शांत हुए परिजन
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने रेस्टोरेंट संचालक को पूछताछ के लिए बुलाया और उसके खिलाफ मामला दर्ज किया। उचित कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद परिजन शांत हुए। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।








