Lucknow News: शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद से मिलने पहुंचे अखिलेश यादव, अनु टंडन भी रहीं मौजूद
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव गुरुवार को लखनऊ में प्रवास पर ठहरे शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से मिलने पहुंचे। यह मुलाकात कृष्णा नगर स्थित उनके प्रवास स्थल पर हुई। इस दौरान पूर्व सांसद अनु टंडन भी उनके साथ मौजूद रहीं।
बताया जा रहा है कि इस दौरान अखिलेश यादव और शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के बीच धर्म, सामाजिक मुद्दों और समसामयिक विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।
लखनऊ में गो-प्रतिष्ठा जनजागरण अभियान का शंखनाद
इससे पहले बुधवार को शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने लखनऊ में गो-प्रतिष्ठा जनजागरण अभियान की शुरुआत की। अभियान के शंखनाद के बाद उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए गौ-संरक्षण को लेकर अपने विचार रखे।उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम गाय के महत्व को समझाने और समाज में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।
सभा में दिया विवादित बयान
सभा के दौरान शंकराचार्य ने कहा, “यह शराब की दुकान नहीं, बल्कि शुद्ध गाय के दूध की दुकान है। अगर यहां बहुत ज्यादा भीड़ होती तो समझिए यह शराब की दुकान है, लेकिन कम भीड़ होने से पता चलता है कि यह शुद्ध गाय के दूध की दुकान है।”उन्होंने यह भी कहा कि यदि लोग सच्चे गो-भक्त हैं तो उन्हें गौ-संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए।
महिला को पुलिस ने रोका, हुआ हंगामा
कार्यक्रम के दौरान शंकराचार्य से मिलने पहुंची एक महिला को पुलिस ने रोक दिया। इस पर महिला नाराज हो गई और उसने महिला पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। कुछ देर के लिए मौके पर हलचल का माहौल बन गया।








