राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर लखनऊ के हजरतगंज स्थित GPO गांधी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर योगी आदित्यनाथ ने गांधी प्रतिमा पर फूल-माला अर्पित कर उन्हें नमन किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल भी मौजूद रहीं। सभी जनप्रतिनिधियों ने पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद गांधी प्रतिमा के सामने बैठकर महात्मा गांधी के प्रिय भजनों का सामूहिक गायन किया।
करीब 15 मिनट तक चले भजन कार्यक्रम में ‘रघुपति राघव राजा राम, पतित पावन सीताराम’, ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए, पीड़ पराई जाने रे’ और सरकारी विद्यालयों की प्रसिद्ध प्रार्थना ‘वह शक्ति हमें दो दयानिधे, कर्तव्य मार्ग पर डट जावें’ गाई और सुनी गई।
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और मेयर सुषमा खर्कवाल गांधी प्रतिमा के सामने बैठकर भजनों में शामिल हुए। कार्यक्रम में ईश्वर प्रार्थना के साथ राष्ट्रपिता को श्रद्धा और सम्मान के साथ याद किया गया।








