देवरिया जेल में बंद पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर की तबीयत बिगड़ी, BRD मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिला स्थित जेल में बंद पूर्व IPS अधिकारी Amitabh Thakur की मंगलवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें आनन-फानन में महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें BRD मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।
सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती
जेल प्रशासन के अनुसार, देर रात अमिताभ ठाकुर को अचानक सीने में तेज दर्द हुआ। हालत गंभीर होने पर उन्हें तुरंत मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। फिलहाल उन्हें डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में रखा गया है और आगे की जांच व इलाज जारी है।
जमानत याचिका खारिज, 7 जनवरी को अगली सुनवाई
गौरतलब है कि मंगलवार को ही CJM कोर्ट में अमिताभ ठाकुर की जमानत याचिका पर सुनवाई हुई थी, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया। वहीं, रिमांड से जुड़े मामले में कोर्ट ने अगली सुनवाई की तारीख 7 जनवरी तय की है।
जमीन आवंटन मामले में फंसे पूर्व IPS
अमिताभ ठाकुर पर आरोप है कि उन्होंने 1999 में देवरिया जिले में तैनाती के दौरान अपने पद का दुरुपयोग करते हुए अपनी पत्नी Nutan Thakur के नाम पर इंडस्ट्रियल एरिया में जमीन आवंटित कराई।आरोप है कि इस प्रक्रिया में कूटरचित दस्तावेजों का इस्तेमाल कर प्लॉट खरीदा गया।
कई साल बाद दर्ज हुआ केस, शाहजहांपुर से गिरफ्तारी
इस मामले में कई वर्षों बाद एक समाजसेवी की तहरीर पर देवरिया कोतवाली में केस दर्ज किया गया था। इसके बाद अमिताभ ठाकुर को 9–10 दिसंबर की रात शाहजहांपुर जिले से ट्रेन के जरिए गिरफ्तार किया गया। कोर्ट में पेशी के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया था।








