कोडीन कफ सिरप तस्करी केस: शुभम जायसवाल का करीबी विकास सिंह नरवे गिरफ्तार, STF को बड़ी सफलता
कोडीन युक्त कफ सिरप की अवैध तस्करी के मामले में यूपी एसटीएफ को एक और बड़ी सफलता मिली है। हाई-प्रोफाइल तस्करी नेटवर्क से जुड़े शुभम जायसवाल के सबसे करीबी सहयोगी विकास सिंह नरवे को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी लंबे समय से STF की रडार पर था।
STF ने वांछित आजमगढ़ निवासी विकास सिंह नरवे को सिद्धार्थनगर से गिरफ्तार किया है। कोडीन कफ सिरप तस्करी केस में उसकी तलाश लगातार की जा रही थी।
नेटवर्क का अहम कड़ी था विकास सिंह नरवे
STF की जांच में सामने आया है कि विकास सिंह नरवे ही तस्करी नेटवर्क के सरगना शुभम जायसवाल को बड़े चेहरों अमित टाटा और आलोक सिंह से मिलवाने वाली अहम कड़ी था। इन्हीं संपर्कों के जरिए कोडीन कफ सिरप की सप्लाई और तस्करी का नेटवर्क और मजबूत हुआ।
अधिकारियों के मुताबिक, विकास की भूमिका सिर्फ संपर्क कराने तक सीमित नहीं थी, बल्कि वह पूरे नेटवर्क के संचालन, सप्लाई मैनेजमेंट और समन्वय में सक्रिय रूप से शामिल था।
कई जिलों में दर्ज हैं आपराधिक मामले
STF अधिकारियों ने बताया कि विकास सिंह नरवे का आपराधिक इतिहास भी काफी लंबा है। उसके खिलाफ आजमगढ़, जौनपुर और वाराणसी समेत कई जिलों में गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें अवैध तस्करी, आपराधिक साजिश और संगठित नेटवर्क संचालन से जुड़े आरोप शामिल हैं।
तकनीकी सर्विलांस से दबोचा गया
कोडीन कफ सिरप तस्करी से जुड़े बड़े नेटवर्क के खुलासे के बाद STF ने विकास की तलाश तेज कर दी थी। तकनीकी सर्विलांस, लोकेशन ट्रैकिंग और गोपनीय सूचनाओं के आधार पर आखिरकार STF ने उसे गिरफ्तार कर लिया।








