शंकराचार्य से आशीर्वाद के बाद अलंकार अग्निहोत्री का बड़ा ऐलान, SC-ST एक्ट हटाने को 7 फरवरी से आंदोलन
नौकरशाही से इस्तीफा देकर वैचारिक संघर्ष के रास्ते पर उतरे बरेली के पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री एक बार फिर अपने बड़े ऐलान को लेकर सुर्खियों में हैं। रविवार देर शाम वह वाराणसी स्थित ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के विद्यामठ आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत आशीर्वाद लिया।
वैदिक परंपरा के बीच आंदोलन की शुरुआत
मंत्रोच्चार, श्लोक-पाठ और वैदिक परंपराओं के बीच हुई यह मुलाकात अलंकार अग्निहोत्री अपने आगामी आंदोलन की औपचारिक शुरुआत मान रहे हैं। आशीर्वाद लेने के बाद आजतक से बातचीत में उन्होंने कहा कि यदि 6 फरवरी तक केंद्र सरकार SC-ST एक्ट को समाप्त करने का निर्णय नहीं लेती, तो 7 फरवरी से देशभर के लोग दिल्ली कूच आंदोलन करेंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल एक आंदोलन नहीं, बल्कि देश की व्यवस्था में आमूलचूल परिवर्तन की शुरुआत है।
इस्तीफे से आंदोलन तक की यात्रा
अलंकार अग्निहोत्री हाल के दिनों में तब चर्चा में आए थे, जब उन्होंने मौनी अमावस्या स्नान के दौरान शंकराचार्य और वेदपाठी बटुकों के साथ हुई कथित घटना और UGC के नए नियमों से आहत होकर अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद उन्हें निलंबित भी किया गया।
उनका कहना है कि नौकरशाही की सुरक्षित कुर्सी छोड़ने का फैसला भावनात्मक नहीं, बल्कि वैचारिक संघर्ष का परिणाम था।
SC-ST एक्ट को बताया विभाजनकारी कानून
अलंकार अग्निहोत्री का कहना है कि वह पिछले 35 वर्षों से समाज में SC-ST एक्ट के दुरुपयोग को देख रहे हैं। उनके अनुसार यह कानून देश को जोड़ने के बजाय तोड़ने का काम कर रहा है और इसका दुरुपयोग लगातार बढ़ा है।
6 फरवरी की डेडलाइन, 7 फरवरी से दिल्ली कूच
पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर 6 फरवरी तक संसद का विशेष सत्र बुलाकर SC-ST एक्ट समाप्त नहीं किया गया, तो 7 फरवरी से देशभर से लोग दिल्ली की ओर कूच करेंगे। उनका दावा है कि यह आंदोलन अब किसी एक व्यक्ति या संगठन तक सीमित नहीं रहा।
केंद्र सरकार पर तीखा हमला
अलंकार अग्निहोत्री ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में इस समय “वेस्ट इंडिया कंपनी” की सरकार चल रही है, जिसके CEO प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और MD गृह मंत्री अमित शाह हैं।
UGC नियमों से सामाजिक तनाव का दावा
उन्होंने कहा कि UGC का नया रेगुलेशन देश में सामाजिक तनाव बढ़ाने वाला है। उनके अनुसार यदि यह पूरी तरह लागू हो जाता, तो देश में गंभीर टकराव की स्थिति बन सकती थी।
राजनीतिक महत्वाकांक्षा से इनकार
राजनीति में आने के सवाल पर अलंकार अग्निहोत्री ने साफ कहा कि उनकी कोई व्यक्तिगत राजनीतिक महत्वाकांक्षा नहीं है। उनका उद्देश्य केवल देश और समाज का कल्याण है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नौकरी में लौटने का कोई सवाल नहीं है।








