लखनऊ रेप केस: सहेली ने किया विश्वासघात, बॉयफ्रेंड से कराया रेप और वीडियो बनाई
लखनऊ में रेप केस का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सआदतगंज थाना क्षेत्र में एक छात्रा की सहेली ने विश्वासघात कर उसे मिलने के बहाने बुलाया और अपने बॉयफ्रेंड के घर ले गई। वहां सहेली के बॉयफ्रेंड ने पीड़िता के साथ रेप किया। इतना ही नहीं, आरोपी सहेली ने पूरी घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की।
इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती
पीड़िता का कहना है कि उसकी आरोपी सहेली शकीबा से दोस्ती तीन साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। कुछ समय तक बातचीत बंद हो गई थी लेकिन हाल ही में फिर से दोनों का संपर्क हुआ। इसके बाद शकीबा ने मिलने का बहाना बनाकर छात्रा को कैसरबाग बुलाया और अकबरी गेट स्थित अपने बॉयफ्रेंड अली उर्फ मेहरान के घर ले गई।
धमकी देकर किया रेप
छात्रा के अनुसार, आरोपी अली ने शकीबा से कहा कि अपनी सहेली से शारीरिक संबंध बनवाओ। जब छात्रा ने मना किया तो शकीबा ने दबाव डालते हुए कहा कि इनकार मत करो, वरना वह जाने नहीं देगा। इसके बाद आरोपी अली ने धमकी देकर रेप किया और इस दौरान शकीबा ने वीडियो भी रिकॉर्ड की।
पुलिस ने किया खुलासा
घबराई छात्रा ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिवार की तहरीर पर पुलिस ने कार्रवाई की और दोनों आरोपियों शकीबा व अली को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इंस्पेक्टर सआदतगंज के मुताबिक, मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को जेल भेजा गया है।








