मुरादाबाद के छजलैट थाना क्षेत्र में रोडवेज बस और गन्ने की खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच भिड़ंत में चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में मां और उसका पांच वर्षीय बेटा भी शामिल हैं। हादसे में महिला का पति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जबकि बस में सवार दस यात्रियों को भी चोटें आईं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह मुरादाबाद डिपो की रोडवेज बस छजलैट से मुरादाबाद की ओर आ रही थी। इसी दौरान गांव लड़ावली स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास बस और सामने से आ रही गन्ने की खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में बस में सवार कई यात्री घायल हो गए।
हादसे में सदुपुरा निवासी अर्चना (30) और उनके पांच वर्षीय बेटे सुशांत की मौत हो गई। दुर्घटना में एक अज्ञात पुरुष और महिला की भी जान चली गई। अर्चना के पति जॉनसन मसीह (35) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे में बस सवार करीब दस अन्य यात्रियों को भी चोटें आईं।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जबकि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने हादसे में चार लोगों की मौत की पुष्टि की है। पुलिस दुर्घटना से संबंधित आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
Tags: मुरादाबाद, मुरादाबाद हा
