आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे हादसा में पिकनिक पर जा रही स्कूली बस को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में 4 बच्चों की मौत और 20 घायल होने की खबर है।
कन्नौज। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में चार स्कूली बच्चों की मौत हो गई, जबकि 20 बच्चे घायल हो गए। हादसा ठठिया थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 210 के पास हुआ। पिकनिक के लिए जा रही स्कूली बस को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई बच्चे अंदर ही फंस गए।
बस में सवार थे 50 बच्चे और 6 शिक्षक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुई बस कौशांबी स्थित ओरिएंटल पब्लिक स्कूल की थी। बस में 50 बच्चे और छह शिक्षक व अन्य स्टाफ सवार थे। सभी पिकनिक के लिए जा रहे थे। सोमवार सुबह करीब छह बजे ठठिया थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 210 के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बस को टक्कर मार दी।
बस में फंसे बच्चे, राहगीरों ने दी सूचना
टक्कर के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। कई बच्चे बस के अंदर फंस गए। हादसे के बाद राहगीरों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। बस में फंसे बच्चों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
चार बच्चों की मौत, 20 घायल
हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि 20 बच्चे घायल बताए गए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य किया गया।
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे में शामिल ट्रक और उसके चालक के संबंध में आगे की जानकारी की प्रतीक्षा है।