शाहजहांपुर में संविधान बचाओ संवाद रैली में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने भाजपा पर निशाना साधा। 2027 विधानसभा चुनाव में सपा के साथ सीट बंटवारे पर क्या कहा, जानिए।
शाहजहांपुर में कांग्रेस की ‘संविधान बचाओ संवाद रैली’ के दौरान पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने भाजपा पर निशाना साधा। रैली में उन्होंने संविधान की रक्षा और राजनीतिक मुद्दों पर कांग्रेस का पक्ष रखा। सीट बंटवारे को लेकर भी उन्होंने अपनी बात कही।
शाहजहांपुर के लोधीपुर स्थित फार्म हाउस में आयोजित रैली में शाहजहांपुर समेत पांच जिलों के कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। आराधना मिश्रा ने भाजपा सरकार पर लोकतंत्र, महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं जैसे मुद्दों पर सवाल उठाए। उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भी चिंता जताई।
सीट बंटवारे पर क्या बोलीं आराधना मिश्रा?
आगामी विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election 2027) में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन को लेकर आराधना मिश्रा ने कहा कि सीटों का फैसला शीर्ष नेतृत्व करेगा। विधानसभा क्षेत्रों की परिस्थितियों, जातीय समीकरण, संगठन की ताकत और संभावित प्रत्याशियों के आधार पर चर्चा होगी।
उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन पहले भी मजबूत था और आगे भी मजबूत रहेगा। कांग्रेस का लक्ष्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि 2027 में सरकार बनाना है।
भाजपा पर धार्मिक मुद्दों के राजनीतिक इस्तेमाल का आरोप
आराधना मिश्रा ने भाजपा पर राम मंदिर और धार्मिक मुद्दों को राजनीति के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास जनता के बीच जाने के लिए कोई नया मुद्दा नहीं है। उन्होंने मतदाता सूची से नाम कटने और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठाए।
उन्होंने दावा किया कि एसआईआर के जरिये लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।
पांच जिलों के कार्यकर्ता हुए शामिल
रैली में शाहजहांपुर के अलावा बरेली, बदायूं, फर्रुखाबाद और पीलीभीत के कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा हुई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत करने के साथ समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।