राजधानी लखनऊ में आजम खान के समर्थन में होर्डिंग लगाई गई। पोस्टर पर लिखा- आजम थे, हैं और रहेंगे। अखिलेश यादव और शिवपाल सिंह यादव की तस्वीरें भी शामिल।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को लेकर एक बार फिर सियासी हलचल तेज होती दिखाई दे रही है। राजधानी लखनऊ में आजम खान के समर्थन में होर्डिंग लगाई गई है। इस होर्डिंग पर लिखा है- ‘कोई मिटा न सका, आजम थे, हैं और रहेंगे।’ होर्डिंग में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव की तस्वीरें भी लगाई गई हैं।
बताया जा रहा है कि ये होर्डिंग समाजवादी पार्टी नेता मोहम्मद इखलाक की ओर से लगवाए गए हैं। होर्डिंग समाजवादी पार्टी मुख्यालय के पास और शिवपाल सिंह यादव के आवास के सामने लगाए गए हैं। इनके जरिए आजम खान के राजनीतिक कद और समाजवादी पार्टी में उनकी अहमियत को लेकर संदेश देने की कोशिश की गई है।
आजम खान के समर्थन में सियासी संदेश
होर्डिंग में आजम खान के साथ अखिलेश यादव और शिवपाल सिंह यादव की तस्वीरें भी दिखाई गई हैं। पोस्टर के माध्यम से पार्टी के नेताओं और समर्थकों ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि आजम खान की राजनीतिक पहचान और उनका प्रभाव आज भी कायम है।
सपा नेता मोहम्मद इखलाक ने पोस्टर के जरिए उन लोगों को जवाब देने की बात कही है, जो आजम खान और समाजवादी पार्टी की विचारधारा को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं।
2027 चुनाव से पहले पोस्टर पॉलिटिक्स तेज
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दलों के बीच पोस्टर वार और बयानबाजी तेज होती जा रही है। आजम खान को लेकर पहले भी सपा और भाजपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी देखने को मिल चुकी है।
ऐसे में लखनऊ में आजम खान के समर्थन में लगी यह होर्डिंग राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है। हालांकि, इस पोस्टर को लेकर अखिलेश यादव या शिवपाल सिंह यादव की ओर से किसी आधिकारिक प्रतिक्रिया की जानकारी सामने नहीं आई है।