- ओवैसी ने कहा, जिस जगह पर हमने 400 साल नमाज पढ़ी, उस पर पूजा करने जाएंगे अखिलेश
- हैदराबादी भाईजान ने मेरठ की सभा में सपा सुप्रीमो और पार्टी को लिया को आधे हाथों
अभयानंद शुक्ल
लखनऊ। अखिलेश की अयोध्या यात्रा की खबर पर एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने बाबरी मस्जिद के मुद्दे को फिर जिंदा कर दिया है। उन्होंने ये कहकर तंज किया है कि जिस बाबरी मस्जिद में हमारी कौम ने 400 साल तक नमाज पढ़ी है, उसी मस्जिद की जमीन पर अखिलेश यादव पूजा करने जा रहे हैं। इससे साबित होता है कि वे कभी हमारे थे ही नहीं, वे मौकापरस्त थे। और अब जब उन्हें मौका मिला है, तो उन्होंने अपना रंग दिखा दिया है।
ओवैसी ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद ने सहारनपुर की मस्जिद के लिए आवाज उठाई है तो हम उन्हें सीएम का प्रत्याशी क्यों न बनाएं। उधर अखिलेश राम मंदिर जाने की बात करके हमारे जख्मों पर नमक छिड़क रहे हैं। ऐसे में हम उन पर कैसे विश्वास कर लें। अब उनका भेद खुल गया है, और उनकी सच्चाई सामने आ गई है।
ओवैसी ये भी कहते हैं कि मुसलमानों को अब डर कर वोट नहीं करना है। उन्हें अब उम्मीद के लिए वोट करना है, और अपनी तरक्की के लिए वोट करना है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने चार-पांच बार कोशिश की लेकिन वे बीजेपी को हरा नहीं पाए। ऐसे में अब उन पर दांव लगाना बेकार है। इसलिए हमने चंद्रशेखर आजाद को समर्थन दिया है। क्योंकि उनको भी मौका मिलना चाहिए। इसलिए उनके पीछे आप सभी लोगों को खड़ा होना पड़ेगा, तभी बीजेपी जाएगी।
ओवैसी ने सपा कोटे से ताजा-ताजा राज्यसभा सदस्य बने परिमल नाथवानी के चयन पर भी तंज किया। उन्होंने कहा कि सपा ने उसको राज्यसभा मेंबर बना दिया जो गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन का उपाध्यक्ष है, और अंबानी परिवार का खास है। और अंबानी परिवार किसका खास है ये किसी से छुपा नहीं है।
एआईएमआईएम प्रमुख ने ने तंज किया कि अखिलेश के पीडीए में कभी अल्पसंख्यक, कभी अगड़ा, कभी आदिवासी, कभी आधी आबादी आ जाता है, कुछ भी क्लियर नहीं है। क्योंकि वे खुद कंफ्यूज हैं, और दूसरों को भी कंफ्यूज करते हैं। ओवैसी कहा कि अखिलेश यादव के पीडीए का पीडीए अब पलट दिया अखिलेश हो गया। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व ही अखिलेश यादव ने अपने पीडीए की नई व्याख्या की थी और कहा था कि पहले पूजा, फिर दर्शन और उसके बाद आशीर्वाद। भाजपा ने इस पर तंज करते हुए कहा था कि पहले प्रायश्चित, फिर दर्शन और तब आशीर्वाद। खैर, ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन ने सपा-कांग्रेस खेमे में खलबली मचा दी है। इसी के चलते दोनों पार्टियों में सीट बंटवारे का मामला फाइनल नहीं हो पा रहा है।