उन्नाव के भगवंतनगर पहुंचे पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने 2027 विधानसभा चुनाव में तीसरे गठबंधन का दावा किया। पूर्वांचल के राजनीतिक समीकरणों और अपनी चुनावी भूमिका पर भी दिया बयान।
उन्नाव। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने तीसरे गठबंधन के गठन का दावा कर सियासी चर्चाओं को नया मोड़ दे दिया है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में वह सक्रिय नजर आएंगे। हालांकि, तीसरे गठबंधन में कौन-कौन से दल शामिल होंगे और इसकी रणनीति क्या होगी, इस पर उन्होंने कोई जानकारी साझा नहीं की।
सोमवार को भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के रिशाल खेड़ा स्थित आरआर रिजॉर्ट के उद्घाटन समारोह में पहुंचे बृजभूषण शरण सिंह ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कई राजनीतिक सवालों के जवाब दिए। वह निजी हेलीकॉप्टर से कार्यक्रम स्थल पहुंचे थे। इस दौरान विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के भांजे गोल्डी राजा भी मौजूद रहे।
2027 के विधानसभा चुनाव में संभावित राजनीतिक गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर बृजभूषण शरण सिंह ने तीसरे गठबंधन के तैयार होने की बात कही। वहीं, पूर्वांचल के चुनावी समीकरणों पर उन्होंने कहा कि उन्हें राजनीतिक परिस्थितियों की जानकारी है, लेकिन अभी वह इसका खुलासा नहीं करना चाहते। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को लेकर पूछे गए सवालों पर भी उन्होंने कोई स्पष्ट टिप्पणी नहीं की। उनका कहना था कि उनके बयान का गलत अर्थ निकाला जा सकता है।
विधानसभा चुनाव में अपनी भूमिका को लेकर पूछे गए सवाल पर पूर्व सांसद ने स्पष्ट किया कि वह आगामी चुनाव में दिखाई देंगे। उन्नाव में उनकी लगातार आवाजाही और भगवंतनगर क्षेत्र में सक्रियता को लेकर भी चर्चा हुई। हालांकि, उन्होंने अपनी भविष्य की राजनीतिक रणनीति का खुलासा नहीं किया।
बातचीत के दौरान उन्होंने दिल्ली में महिला कुश्ती खिलाड़ियों की ओर से लगाए गए आरोपों का भी जिक्र किया। बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि उस समय एक-दो पार्टियों को छोड़कर पूरा विपक्ष और पूंजीपति उन्हें फंसाना चाहते थे। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने खुद को कभी अपराधी नहीं माना।
वहीं, कुंडा विधायक राजा भैया के यूजीसी (UGC) से जुड़े बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने उनका समर्थन किया। उन्होंने कहा, ”यूजीसी न कभी था, न है और न आएगा।” उनके इस बयान और तीसरे गठबंधन के दावे के बाद उत्तर प्रदेश की आगामी चुनावी राजनीति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।