लखनऊ के चारबाग स्थित सेवाग्राम रेलवे कॉलोनी में आयोजित थर्ड रन फॉर आर्क हाफ मैराथन में 800 से अधिक धावकों ने हिस्सा लिया। अर्जुन अवार्डी रचना गोविल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
लखनऊ। राजधानी के सेवाग्राम रेलवे कॉलोनी, चारबाग में रविवार को ‘थर्ड रन फॉर आर्क लखनऊ हाफ मैराथन’ का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। स्वस्थ जीवनशैली, फिटनेस और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में 800 से अधिक धावकों ने हिस्सा लिया। सुबह 6:30 बजे शुरू हुई इस मैराथन में महिला, पुरुष, युवा और वरिष्ठ नागरिकों ने पूरे जोश के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के तहत 21 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर क्रॉस कंट्री रेस और 5 किलोमीटर दौड़ की विभिन्न श्रेणियां आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने अनुशासन और खेल भावना के साथ निर्धारित दूरी पूरी की। धावकों की सुविधा के लिए मार्ग पर पेयजल, जलपान और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था भी की गई थी।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अर्जुन अवार्ड से सम्मानित श्रीमती रचना गोविल ने धावकों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ अनुशासन, सकारात्मक सोच और सामूहिक सहभागिता की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने नियमित व्यायाम और खेलों को जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील भी की।
रवि कुमार और प्रतिज्ञा ने हासिल किया पहला स्थान
21 किलोमीटर हाफ मैराथन के पुरुष वर्ग में रवि कुमार ने प्रथम, सूरज पाल ने द्वितीय और शुभम यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में प्रतिज्ञा ने पहला, मनीषा ने दूसरा और मोनिका ने तीसरा स्थान हासिल किया। महिला एवं पुरुष वर्ग के विजेताओं को पुरस्कार स्वरूप साइकिल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
वहीं, 10 किलोमीटर क्रॉस कंट्री रेस में जूनियर, सीनियर और वेटरन श्रेणियों के विजेताओं को मोमेंटो और मेडल दिए गए। पांच किलोमीटर दौड़ में शामिल प्रतिभागियों को भी मेडल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
50 वर्ष से अधिक उम्र के धावकों ने भी दिखाया उत्साह
इस आयोजन की खास बात यह रही कि 50 वर्ष से अधिक आयु के धावकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उनकी भागीदारी ने साबित किया कि फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए उम्र कोई बाधा नहीं है।
कार्यक्रम का आयोजन आयोजक मंडल के अजय नरेश यादव, बीएस रावत, धीरज यादव, रवि, नीटू, प्रदीप, अनुराग और मंसूर सहित अन्य सहयोगियों के प्रयासों से जिला एथलेटिक एमेच्योर एसोसिएशन के सचिव सत्येंद्र सिंह की देखरेख में संपन्न हुआ।
आयोजक अमित यादव एडवोकेट ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अतिथियों, धावकों और सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के जरिए राजधानी में खेल, फिटनेस और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।