ऋषिकेश में फिरोजाबाद से पिकनिक मनाने आए 27 बच्चों से भरी स्कूल बस के ब्रेक फेल हो गए। बस दीवार से टकराकर हवा में लटक गई। तीन लोग घायल हुए।
ऋषिकेश/फिरोजाबाद। उत्तराखंड के ऋषिकेश में शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। फिरोजाबाद से पिकनिक मनाने आए स्कूली बच्चों से भरी बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए। अनियंत्रित बस पहाड़ी रास्ते पर एक दीवार से जा टकराई और टक्कर के बाद आधी हवा में लटक गई। बस में 27 बच्चों सहित कुल 30 लोग सवार थे। गनीमत रही कि इस हादसे में सभी बच्चे सुरक्षित बच गए।
जानकारी के मुताबिक, फिरोजाबाद के पंडित तिलक भानु सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र-छात्राएं शिक्षकों के साथ पिकनिक मनाने के लिए ऋषिकेश के लक्ष्मण झूला जा रहे थे। शनिवार सुबह करीब 9:40 बजे बस पीडब्ल्यूडी तिराहे के पास पहुंची, तभी अचानक उसके ब्रेक फेल हो गए। चालक ने बस को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन बस सड़क किनारे दीवार से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा दीवार के सहारे हवा में लटक गया।
राहगीरों ने बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस में सवार बच्चों ने खिड़कियों से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। मौके पर मौजूद राहगीरों ने भी तत्परता दिखाते हुए बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
इस दुर्घटना में बस चालक, हेल्पर और स्कूल की प्रिंसिपल घायल हुए हैं। वहीं, बस में सवार 27 बच्चों के सुरक्षित बचने से परिजनों और स्कूल प्रबंधन ने राहत की सांस ली।
हादसे का वीडियो आया सामने
ऋषिकेश के पीडब्ल्यूडी तिराहे पर हुए इस हादसे का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में बस दीवार से टकराने के बाद खतरनाक स्थिति में हवा में लटकी दिखाई दे रही है। पहाड़ी मार्ग पर हुई इस दुर्घटना ने एक बार फिर स्कूली वाहनों की फिटनेस और ब्रेकिंग सिस्टम की नियमित जांच की जरूरत को सामने ला दिया है।
