• Home  
  • अखिलेश ने चाल बदली तो भाजपा ने आरोप
- Latest - Politics - UttarPradesh

अखिलेश ने चाल बदली तो भाजपा ने आरोप

अभयानंद शुक्ल लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आगामी 12 दिसंबर को अयोध्या में प्रभु श्री राम लला के मंदिर में दर्शन करने का फैसला किया है।‌ इसकी तस्दीक करते हुए अखिलेश यादव ने भी कहा है कि वे अयोध्या जाएंगे ताकि भाजपा को वहां पर एक बार फिर शून्य मिले, जैसे […]

अखिलेश की अयोध्या यात्रा पर सियासी घमासान

  • पहले अयोध्या न जाने का आरोप था अब माफी मांगने की मांग कर रही भाजपा
  • कहा-अयोध्या को खून से लाल करने वाले पहले माफी मांगें कारसेवकों से

अभयानंद शुक्ल


लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आगामी 12 दिसंबर को अयोध्या में प्रभु श्री राम लला के मंदिर में दर्शन करने का फैसला किया है।‌ इसकी तस्दीक करते हुए अखिलेश यादव ने भी कहा है कि वे अयोध्या जाएंगे ताकि भाजपा को वहां पर एक बार फिर शून्य मिले, जैसे बीते लोकसभा चुनाव में मिला था। अब उनकी इस प्रस्तावित यात्रा को लेकर यूपी का सियासी माहौल गर्म है। सपा सुप्रीमो की इस घोषणा के बाद भाजपा ने भी अपने तरकश से दूसरा तीर निकाल लिया है। अब वो कहने लगी है कि राम मंदिर में दर्शन करने से पहले अखिलेश को रामभक्तों पर गोली चलवाने के लिए माफी मांगनी चाहिए। जबकि ओवैसी की पार्टी कह रही है कि ऐसा कर वे बाबरी के गुनहगारों के साथ हो गये हैं। उधर मौलाना साजिद रशीदी का कहना है कि ऐसा कर वे मुसलमानों के ज़ख्मों पर नमक छिड़क रहे हैं। यानी इस मुद्दे पर सपा को नफा कम नुकसान की आशंका अधिक दिख रही है।
इस बारे में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा है जिन्होंने अयोध्या की धरा को रक्तरंजित किया है, वे पहले अयोध्या वासियों से माफी मांगें फिर आने की बात करें। अयोध्या उनका अपराध भूली नहीं है। यानी अखिलेश यादव ने अपनी चाल बदली तो भाजपा ने भी अपने आरोप बदल दिए हैं। अखिलेश का अयोध्या जाने का और रामलला के दर्शन करने की घोषणा उनके राजनीतिक स्टैंड में एक बड़ा परिवर्तन है। आरोप है कि मुसलमानों को खुश करने के लिए उन्होंने अयोध्या जाकर भी रामलला के दर्शन नहीं किए। वे हनुमान जी के दर्शन करते थे, लेकिन कभी रामलला के दर्शन नहीं किया। इसके पीछे वे तर्क देते थे कि वे इटावा में केदारेश्वर महादेव का मंदिर बनवा रहे हैं, जब वह बन जाएगा और वहां प्राण प्रतिष्ठा के बाद दर्शन कर लेंगे, उसके बाद ही वे रामलला के दर्शन करेंगे। हालांकि केदारेश्वर महादेव मंदिर अभी पूरा बना नहीं है, पर बढ़ते राजनीतिक दबाव के चलते शायद किसी ने अखिलेश को ये सलाह दे दी है कि यही समय है, और सही समय है। इसीलिए बदली चाल के रूप में अखिलेश यादव अयोध्या जाएंगे। सूत्रों का कहना है कि पिछली बार जब वे अयोध्या गए थे तो तभी उन्होंने पवन पांडेय से कहा था कि आप दिन और तिथि तय कीजिए मैं अयोध्या दर्शन करने आऊंगा। और दीपावली के ठीक एक दिन पहले यानी अयोध्या में दिव्य दीपोत्सव के दिन पवन पांडेऊ ने औपचारिक रूप से इसकी घोषणा करते हुए कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अयोध्या आएंगे और वे हनुमंत लला के दर्शन के साथ-साथ श्री रामलला के भी दर्शन करेंगे और संतों का आशीर्वाद लेंगे।
अब अयोध्या में अखिलेश के आगमन की बात जब लगभग फाइनल हो गई है तो भाजपा ने अपने आरोप और सियासी तीर भी बदल दिए हैं। अब अयोध्या में उनके आगमन को लेकर भाजपा कह रही है कि अयोध्या आना है तो पहले अयोध्या की धरा को रक्त रंजित करने के लिए अपने स्वर्गीय पिता मुलायम सिंह के द्वारा किए गए पापों के लिए अखिलेश माफी मांगे और तब अयोध्या जाएं।
जहां तक अखिलेश के अयोध्या आने का सवाल है तो ये उनके राजनीतिक स्टैंड में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है। बताया जाता है कि उनकी पार्टी राम मंदिर और बाबरी मस्जिद विवाद में मुसलमानों के साथ थी। पार्टी के लोगों का मानना था जब भी अखिलेश यादव राम मंदिर का समर्थन करेंगे तो उनका मुस्लिम वोट बैंक उसे छिटकेगा। और इसी के चलते शायद उन्होंने राम लला के दर्शन नहीं किया। लेकिन जब से अयोध्या में चढ़ावा चोरी प्रकरण हुआ है, तब से अखिलेश हमलावर हैं और उनके साथ पूरा इंडी गठबंधन भाजपा पर हमलावर है। भाजपा को चढ़ावा चोर और चंदा चोर कह कर लगातार सियासी हमले किए जा रहे हैं। उसके बाद अखिलेश यादव को मौका दे दिया बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने। उन्होंने एक कथा में राम और कृष्ण की तुलना करते हुए कृष्ण क्यों टेढ़ा बता दिया। अब इसको लेकर भी माहौल गर्म है। सपा प्रमुख इसे लेकर बाबा बागेश्वर पर बुरी तरह नाराज हैं। अखिलेश यादव ने इस मुद्दे को पकड़ लिया है। और इसी बहाने अब सनातनी होने का प्रमाण देते हुए अयोध्या में रामलला के दर्शन करने आ रहे हैं। हालांकि अखिलेश ने पहले ही साफ्ट हिंदुत्व की ओर कदम बढ़ा दिए थे और कहा था कि सनातन ही समाजवाद है, और समाजवाद ही सनातन है। लेकिन अब स्पष्ट तौर पर उन्होंने पूर्ण सनातन को अपनाने का मन बना लिया है।
राजनीति के जानकार बताते हैं कि इधर के दिनों में अगड़ों विशेषकर ब्राह्मणों की भाजपा से नाराजगी भी अखिलेश के इस बदले स्टैंड का कारण है। अखिलेश यादव को लगता है कि अगड़ों की नाराजगी में उनके लिए कुछ अवसर है। उन्हें लगता है कि वे नाराज अगड़ों को अपने पक्ष में कर सियासी माहौल बना सकते हैं। इसीलिए उन्होंने अपने स्टैंड में बदलाव किया है। परंतु इसमें खतरा ये है कि कहीं मुसलमान उनसे नाराज न हो जाएं क्योंकि अखिलेश से मुसलमानों की प्रीति का सबसे बड़ा कारण ही बाबरी मस्जिद की सपा की पैरोकारी थी। समाजवादी पार्टी से जुड़े कई नेताओं ने बाबरी मस्जिद के पैरोकारी की थी जिसमें आजम खान भी थे। ऐसे में इस बात का खतरा बना रहेगा कि कहीं मुसलमान उनसे नाराज न हो जाएं। उनके खिलाफ असदुद्दीन ओवैसी लगातार मोर्चा संभाले हुए हैं और कह रहे हैं कि अब अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा और बराबरी की बात करेगा। पार्टी प्रवक्ता शादाब चौहान का कहना है कि अखिलेश यादव ने अयोध्या जाने की बात कर ये साबित कर दिया है कि वे बाबरी की शहादत के आरोपियों के पाले में खड़े हैं। साजिद रशीदी जैसे कुछ मौलाना तो सीधे ये बात कहते हैं कि यादवों के लिए हमने बहुत कुछ कर लिया। 8% वालों को हम 20% वाले अब और नहीं ढो सकते। अब अखिलेश को किसी मुसलमान को अपनी पार्टी की ओर से सीएम प्रत्याशी बनाना चाहिए। अगर ऐसा नहीं करते हैं तो इस बार मुसलमान उनका साथ नहीं देगा। वैसे भी राम मंदिर जाने की बात करके उन्होंने मुस्लिमों के ज़ख्मों पर नमक छिड़का है। प्रदेश सरकार के मंत्री ओपी राजभर ने इस पर कहा है कि अब पछताए होत क्या जब चिड़िया चुग गई खेत। इतनी बार आप अयोध्या गए और आपने प्रभु श्री राम के दर्शन नहीं किया, तो अब जाने से क्या फायदा। फायदा बस इतना हुआ है कि उनको आप सद्बुद्धि आ गई है। जबकि अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा है कि अखिलेश यादव की लोकप्रियता से भाजपा घबरा गई है, इसलिए उनके आगमन की खबर सुनकर परेशान है। खैर, अब देखना दिलचस्प होगा कि अखिलेश का ये स्टैंड उन्हें मजबूत करता है या मुस्लिम नाराज होते हैं।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About Us

We are a trusted news portal delivering the latest updates, breaking news, and in-depth stories from around the world. Our goal is to keep you informed, every time.

 

Address : 18/587, behind : Hanuman Mandir, opposite :Lucknow, Uttar Pradesh, India , 226016

Email Us: up24networkk@gmail.com

Contact: +91 95111 50055

Quick Link

Top Categories

UP24Network. All Rights Reserved.