सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बाबा बागेश्वर के भगवान श्रीकृष्ण पर दिए गए विवादित प्रवचन को लेकर नाराजगी जताई। सोशल मीडिया पोस्ट में देशभर में कार्यक्रम रद्द करने, बहिष्कार और वैधानिक कार्रवाई की मांग की।
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बाबा बागेश्वर के भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए कथित विवादित वक्तव्य पर सोशल मीडिया के माध्यम से कड़ी प्रतिक्रिया दी है। अखिलेश यादव ने बिना किसी का नाम लिए अपनी पोस्ट में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने, देशभर में उसके कार्यक्रम रद्द करने और सार्वजनिक जीवन में बहिष्कार करने की मांग की है।
अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में लिखा, ”मानवीय भूलों के लिए तो क्षमा किया जा सकता है, ‘ईशनिंदा’ के लिए कभी नहीं। ऐसे दुष्मुखी लोगों पर आजीवन प्रतिबंध लगाना ही समाज के लिए श्रेयस्कर है। पूरे देश में इनके सभी कार्यक्रम रद्द किए जाएं, नई अनुमति नहीं दी जाए और सार्वजनिक जीवन में हर सच्चा सनातनी इनका पूर्ण बहिष्कार करे।”
उन्होंने आगे लिखा कि ऐसे व्यक्ति को अपने कृत्य का प्रायश्चित करना चाहिए। अखिलेश ने कहा कि मनुष्य का दंभ इतना भी नहीं होना चाहिए कि वह स्वयं को ईश्वर से ऊपर समझने लगे। उन्होंने संबंधित मामले में वैधानिक कार्रवाई की मांग भी की।
भगवान श्रीकृष्ण पर प्रवचन को लेकर विवाद
दरअसल, बाबा बागेश्वर ने एक कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीकृष्ण को लेकर ऐसा प्रवचन दिया था, जिस पर विवाद खड़ा हो गया। उनके वक्तव्य में भगवान श्रीकृष्ण की भगवान राम से तुलना किए जाने को लेकर आपत्तियां सामने आईं। हालांकि, बाद में बाबा बागेश्वर ने अपने बयान पर खेद व्यक्त किया था।
राजनीतिक और धार्मिक हलकों में चर्चा
इस पूरे मामले पर अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया के बाद विवाद ने राजनीतिक रूप भी ले लिया है। एक ओर उनके बयान को धार्मिक भावनाओं से जुड़े मुद्दे पर कड़ी प्रतिक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है, वहीं दूसरी ओर बाबा बागेश्वर की ओर से पहले ही खेद जताए जाने का पक्ष भी चर्चा में है। अब इस मामले में आगे क्या प्रतिक्रिया और कार्रवाई होती है, इस पर नजर रहेगी।