अयोध्या। महानगर के पास स्थित खाले का पुरवा में सोमवार सुबह से लाइट नहीं आ रही है। और उधर सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या को छोटी दीपावली के दिन जगमगाने की कोशिश में लगे हैं। इस सिलसिले में दसवें दिव्य दीपोत्सव की तैयारियां परखने के लिए वे सोमवार को अयोध्या में थे। ऐसे में सवाल ये उठता है कि जब अयोध्या नगर जगमगा रहा होगा तो खाले के पुरवा के लोगों को क्या अंधेरे में ही दीपोत्सव मनाना होगा।
बात छोटी सी है, लेकिन ये सरकार के इरादो पर पानी फेरने वाली है। क्या अयोध्या का बिजली विभाग इतना भी सचेत नहीं है कि वह मुख्यमंत्री के आने के पहले ही खाले के पुरवा के लोगों को बिजली की समस्या से निजात दिला देता। ऐसे में जब सीएम योगी शहर में हों और तब भी बिजली ठीक नहीं हो पा रही है तो चिंता की बात है। वैसे इस इलाके में बिजली की खराबी की दिक्कत अक्सर सुनाई देती है। और अभी तक इस समस्या का कोई अस्थाई समाधान नहीं ढूंढा जा सकता है। अब जब दीपावली नजदीक है, और अयोध्या में दिव्य दीपोत्सव मनाया जाना है तो बिजली विभाग को इसका विशेष ध्यान रखना चाहिए था। इसका मतलब तो यही है कि जिम्मेदारी सही तरीके से नहीं निभाई जा रही है।
सीएम योगी सोमवार को दिव्य दीपोत्सव की तैयारियां देखने के लिए अयोध्या में थे। और हो सकता है उनके निरीक्षण से दसवां दिव्य दीपोत्सव भव्य तरीके से हो जाए, लेकिन खाले के पुरवा के निवासियों की क्या ग़लती है। वैसे आधिकारिक सूचना यही है कि विद्युत विभाग का अमला फाल्ट को ठीक करने में लगा है। दावा किया जा रहा है कि खराबी 5 बजे तक ठीक हो जाएगी। पर इस इलाके में बिजली की समस्या आम है। इसलिए इसका परमानेंट इंतजाम भी होना जरूरी है। अयोध्या जैसे विश्व प्रसिद्ध शहर के पास में ऐसी दिक्कतें आना चिंता का विषय है। क्योंकि अयोध्या शहर जब जगमगा रहा होगा, तब खाले के पुरवा के लोगों की जिंदगी अंधेरे में होगी तो इससे अच्छा संकेत नहीं जाएगा।
उधर अयोध्या में दसवें दिव्य दीपोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकाप्टर राम कथा पार्क के हेलीपैड पर लैंड हुआ था। जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। योगी लगभग ढाई घंटे अयोध्या में रहे।
