युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी बहुत तेजी से टीम इंडिया में सिलेक्शन की सीढ़ियां चढ़ने में कामयाब हो गए हैं। उन्हें शनिवार को भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने आयरलैंड, इंग्लैंड टी20 सीरीज के अलावा एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय स्क्वॉड में जगह दी। 15 साल के सूर्यवंशी श्रीलंका में ट्राई सीरीज के लिए इंडिया ए टीम का भी हिस्सा हैं। ट्राई सीरीज 9 से 21 जून तक आयोजित होनी है। सूर्यवंशी के सिलेक्शन ने बीसीसीआई को दुविधा में डाल दिया है। सलामी बल्लेबाज श्रीलंका में पूरी सीरीज खेलेगा या पहले रिलीज कर दिया जाएगा। वैसे, बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने सूर्यवंशी को पहले रिलीज करने के संकेत दिए हैं ताकि वह आयरलैंड दौरे पर समय से जा सकें। आयरलैंड में दो मैचों की सीरीज 26 जून से शुरू होगी जबकि इंग्लैंड में पांच मैचों की सीरीज का एक जुलाई से आगाज होना है।
हम उसके फ्यूचर को लेकर बहुत सावधान’
सैकिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ”जिस तरह से घोषणा हुई है, हमें इस बारे में भी सोचना होगा कि वह त्रिकोणीय सीरीज के लिए इंडिया ए स्कॉड का हिस्सा है। और वह इंग्लैंड और आयरलैंड सीरीज का भी हिस्सा है। हमें फैसला लेना होगा क्योंकि उसका सिलेक्शन आज तकरीबन एक घंटे पहले ही फाइनल हुआ। हमें निर्णय लेना होगा और तय करना होगा कि उसके लिए सबसे अच्छा क्या है। प्राथमिकता यह होगी कि वह आयरलैंड और इंग्लैंड जाए। आपको सही समय पर पता चल जाएगा। लेकिन हां, हम उसके भविष्य को लेकर बहुत सावधान हैं। हमारे सिलेक्टर और लोग उसके हर कदम पर नजर रख रहे हैं।” सूर्यवंशी का सिलेक्शन लगभग तय माना जा रहा था क्योंकि ओपनर ने आईपीएल 2026 में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की। उन्होंने 237.30 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींचा।
सूर्यवंशी ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड
सूर्यवंशी भारतीय टीम में जगह पाने वाले सबसे कम उम्र के क्रिकेटर बन गए हैं। वह फिलहाल 15 साल और 71 दिन के हैं। उन्होंने महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का 37 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है। तेंदुलकर ने 15 नवंबर 1989 को कराची में पाकिस्तान के खिलाफ अपना पहला टेस्ट मैच खेला था। उस समय उनकी उम्र 16 साल और 205 दिन थी। वहीं, श्रेयस अय्यर को भारतीय टी20 टीम का नया कप्तान नियुक्त किया गया है। मध्यक्रम के 31 वर्षीय बल्लेबाज ने सूर्यकुमार यादव को रिप्लेस किया। सूर्या की अगुवाई में भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीता था। वह लंबे समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे थे। अय्यर ने भारत के लिए आखिरी टी20 इंटरनेशल मैच दिसबंर 2023 में खेला था।