पूर्व मिस पुणे और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर त्विशा शर्मा की मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। 12 मई की रात भोपाल के कटारा हिल्स स्थित उनके ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी मौत हो गई। मौत से महज चंद मिनट पहले उन्होंने अपनी मां से फोन और वॉट्सऐप पर बात की थी, जिसमें उन्होंने रोते हुए कहा था, “आ जाओ और मुझे यहां से ले जाओ… ये लोग मुझे जीने नहीं देंगे।” इस आखिरी बातचीत और इसके बाद हुई मौत ने पुलिस जांच पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
5 महीने पहले हुई थी शादी, रिटायर्ड जज है सास
नोएडा की रहने वाली 31 वर्षीय त्विशा शर्मा की शादी महज 5 महीने पहले (दिसंबर 2025 में) भोपाल के वकील समर्थ सिंह से हुई थी। समर्थ की मां गिरिबाला सिंह एक रिटायर्ड डिस्ट्रिक्ट जज हैं। त्विशा के मायके वालों ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही उन्हें दहेज के लिए और मानसिक तौर पर प्रताड़ित किया जा रहा था। यहां तक कि उनके चरित्र पर सवाल उठाए गए और उन पर कई अन्य दबाव भी बनाए गए।
CCTV में दिखा ’57 मिनट’ का सस्पेंस
पुलिस की जांच में एक अहम CCTV फुटेज सामने आया है, जिसने मौत की गुत्थी को और उलझा दिया है।
-
वीडियो में त्विशा शाम 7:20 बजे अकेले सीढ़ियों से छत की तरफ जाती दिख रही हैं।
-
ठीक 57 मिनट बाद (8:17 बजे) उनके पति समर्थ और दो अन्य लोग उन्हें बेसुध हालत में सीढ़ियों पर CPR देते नजर आ रहे हैं।
-
इसके बाद तीनों लोग त्विशा को टांगकर नीचे लाते हैं।
पुलिस अब इस 57 मिनट के गैप और उन दो अज्ञात लोगों की जांच कर रही है। पुलिस ने त्विशा के मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड्स (CDR) और चैट्स को जब्त कर लिया है ताकि सच्चाई सामने आ सके।
पति फरार, 10 हजार का इनाम घोषित
घटना के बाद से ही पति समर्थ सिंह फरार है। भोपाल पुलिस (DCP जोन 2) ने उस पर 10,000 रुपये का इनाम घोषित कर दिया है और उसकी तलाश में कई जगह छापेमारी की जा रही है। वहीं, रिटायर्ड जज सास ने कोर्ट में अग्रिम जमानत की अर्जी लगाई है और अपनी बहू पर ही उल्टे गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट की बारीकी से जांच कर रही है, जिसमें शरीर पर मौत से पहले की चोटों के निशान मिलने की बात भी सामने आई है।