UP News: IS आतंकी हारिश का फंडिंग नेटवर्क बेनकाब, ATS जांच में बड़े खुलासे
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से गिरफ्तार IS आतंकी हारिश के खिलाफ ATS की जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। जांच एजेंसी के अनुसार, हारिश आतंकी हमलों को अंजाम देने के लिए टेरर फंडिंग नेटवर्क चला रहा था और उसके बैंक खाते में पिछले कुछ महीनों के दौरान संदिग्ध स्रोतों से रकम ट्रांसफर हुई थी। रिमांड पर लेकर पूछताछ के दौरान वह शुरू में खुद को निर्दोष बताता रहा, लेकिन जब अधिकारियों ने उसके लैपटॉप और मोबाइल से मिले डिजिटल सबूत सामने रखे, तो उसने आईएस (ISIS) हैंडलर के संपर्क में होने की बात स्वीकार कर ली।
जांच में यह भी सामने आया कि हारिश की गतिविधियां पहले से संदिग्ध थीं। वह ज्यादातर समय अपने लैपटॉप और मोबाइल पर सक्रिय रहता था और उससे मिलने के लिए बाहरी लोग भी आते-जाते थे। साथ पढ़ने वाले छात्रों ने भी उसकी गतिविधियों पर शक जताया था। ATS ने उसके उन साथियों की पहचान कर ली है, जिन्हें उसने कथित तौर पर अपने नेटवर्क में शामिल किया था। अब एजेंसी इन सभी संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और जल्द ही हारिश का उनके साथ आमना-सामना कराने की तैयारी है, ताकि पूरे ISIS मॉड्यूल और आतंकी साजिश का खुलासा किया जा सके।





