Navratri 2026 के दौरान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में मीट शॉप को लेकर विवाद सामने आया है। यह मामला थाना बेहट क्षेत्र का है, जहां मीट की दुकान खुली होने पर दो पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया।
मीट शॉप खुलने पर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, मुस्लिम बहुल इलाके में मीट की दुकान खुली होने की सूचना पर कुछ लोग दुकान बंद कराने पहुंचे। दुकानदारों ने प्रशासन का लिखित आदेश दिखाने की मांग की और कहा कि आदेश मिलने पर वे दुकान बंद कर देंगे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
कहासुनी से बढ़ा तनाव, झड़प की स्थिति
देखते ही देखते माहौल गरमा गया और मौके पर भीड़ जमा हो गई। बहस बढ़ने पर झड़प की स्थिति बन गई। वायरल वीडियो में दुकानदार लोगों से धार्मिक मुद्दा न बनाने की अपील करते हुए भी दिखाई दे रहे हैं।
आरोप है कि विवाद के दौरान दुकान बंद कराने पहुंचे लोगों के साथ मारपीट हुई और उन्हें मौके से खदेड़ दिया गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सड़क जाम की कोशिश, पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना के बाद कुछ लोग विरोध में शाकम्भरी गेट पर जाम लगाने के लिए जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। समझाइश के बाद जाम की स्थिति खत्म कराई गई।
जांच जारी, सुरक्षा बढ़ाई गई
पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और शिकायतों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।








