उत्तर प्रदेश में UP DGP Selection को लेकर प्रक्रिया तेज हो गई है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार राज्य सरकार ने डीजीपी नियुक्ति के लिए UPSC Panel भेजने की औपचारिकता पूरी कर दी है। गृह विभाग ने मंगलवार को वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नाम संघ लोक सेवा आयोग को भेज दिए हैं।
इस पैनल में उन अधिकारियों को शामिल किया गया है, जिन्होंने 30 वर्ष की सेवा पूरी कर ली है। सूत्रों के अनुसार, वर्ष 1990 से 1996 बैच के तीन दर्जन से अधिक IPS अधिकारियों के नाम आयोग को भेजे गए हैं। अब UPSC वरिष्ठता और योग्यता के आधार पर इनमें से तीन अधिकारियों का चयन कर राज्य सरकार को पैनल वापस भेजेगा। इसके बाद राज्य सरकार अंतिम रूप से एक अधिकारी को UP Police DGP नियुक्त करेगी।
वरिष्ठता सूची के अनुसार, 1990 बैच की आईपीएस अधिकारी रेणुका मिश्रा का नाम सबसे ऊपर है। इसके बाद 1991 बैच के आलोक शर्मा (डीजी एसपीजी) और पीयूष आनंद (डीजी एनडीआरएफ) का स्थान है। वहीं वर्तमान डीजीपी राजीव कृष्ण भी प्रमुख दावेदारों में शामिल हैं।
सूत्रों का मानना है कि UPSC से पैनल लौटने के बाद राज्य सरकार द्वारा राजीव कृष्ण के नाम पर मुहर लगने की संभावना है। हालांकि अंतिम निर्णय आयोग की सिफारिश और सरकार की सहमति के बाद ही लिया जाएगा।








