लखनऊ में गैस सिलेंडर की कमी को लेकर लोगों का गुस्सा सड़क पर दिखाई दिया। सोमवार को हुसड़िया चौराहे पर करीब 100 लोग गैस सिलेंडर लेकर पहुंच गए और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन करने लगे। अचानक बड़ी संख्या में लोगों के सड़क पर उतरने से यातायात बाधित हो गया।
गैस एजेंसी के बाहर जमा हुए लोग
यह मामला गोमतीनगर के विरामखंड स्थित देवा पैलेस में गोमती भारत गैस एजेंसी के बाहर का है। सोमवार दोपहर करीब 1 बजे यहां बड़ी संख्या में लोग गैस सिलेंडर की समस्या को लेकर इकट्ठा हो गए। देखते ही देखते लोगों ने सिलेंडर लेकर सड़क पर खड़े होकर रास्ता रोक दिया, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इस दौरान सड़क से गुजर रहे कई वाहन भी जाम में फंस गए। कुछ लोगों ने राहगीरों और वाहन चालकों को रोकने की कोशिश की, जिससे मौके पर बहस की स्थिति भी बन गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लोगों को समझाकर सड़क खाली कराई और कई सिलेंडरों को हटाकर वाहनों के लिए रास्ता बनवाया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद कुछ ही देर में जाम खत्म हो गया और यातायात फिर से सामान्य हो सका।
कई इलाकों में गैस सिलेंडर की कमी की शिकायत
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से शहर के कई इलाकों में LPG गैस सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर दिक्कतें सामने आ रही हैं। समय पर सिलेंडर न मिलने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
डीएम ने गैस एजेंसियों को दिए निर्देश
लखनऊ में गैस सिलेंडर को लेकर मिल रही शिकायतों के बाद जिलाधिकारी ने सभी गैस एजेंसियों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन ने कहा है कि जिन उपभोक्ताओं ने सिलेंडर की बुकिंग कराई है, उन्हें होम डिलीवरी के माध्यम से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं को सीधे एजेंसी या गोदाम से सिलेंडर की डिलीवरी नहीं दी जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि होम डिलीवरी व्यवस्था को सख्ती से लागू कर उपभोक्ताओं को परेशानी से बचाने की कोशिश की जा रही है।








