उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल गर्माने लगा है। UP Politics में अब आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो चुका है। इसी बीच समाजवादी पार्टी (सपा) ने भाजपा पर सोशल मीडिया के जरिए तंज कसते हुए सियासी हलचल बढ़ा दी है।
‘CM जापान से टेलीफून’ पोस्ट से सियासी वार
सपा ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट साझा करते हुए भाजपा में शामिल हुए तीन विधायकों को लेकर निशाना साधा। पोस्ट में फिल्मी गाने की तर्ज पर लिखा गया— “मुख्यमंत्री गए हैं जापान, वहां से किया है टेलीफून? बना दो तीनों लाडलों को मंत्री, आते ही दिलाएंगे शपथ?”यह तंज उन तीन विधायकों को लेकर था जो सपा छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे और जिनके मंत्री बनाए जाने की चर्चाएं चल रही हैं।
विभागों तक का किया जिक्र
सपा की पोस्ट में संभावित मंत्रालयों का भी जिक्र किया गया।
मनोज पांडे – लोकनिर्माण विभाग
अभय सिंह – गृह विभाग
राकेश सिंह – खाद्य आपूर्ति एवं सुरक्षा विभाग
पोस्ट में दावा किया गया कि सपा में वापसी की अटकलों के बीच भाजपा ने इन विधायकों को मंत्री पद का आश्वासन देकर रोके रखा है।
मंत्री पद को लेकर चर्चाएं तेज
राजनीतिक सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि दो साल से पार्टी में ‘भटकाव’ और नाराजगी की खबरों के बीच इन नेताओं को मंत्री पद देकर साधने की कोशिश हो सकती है। फिलहाल मंत्रालयों को लेकर अंदरखाने चर्चा जारी होने की बात कही जा रही है।







