उत्तर प्रदेश के आगरा में युवती मिंकी शर्मा की नृशंस हत्या के मामले में चार दिन बीत जाने के बाद भी मृतका का कटा सिर पुलिस बरामद नहीं कर सकी है। आरोपी प्रेमी विनय राजपूत की निशानदेही पर पुलिस की पांच टीमें लगातार तलाश में जुटी हैं, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ा कदम उठाया है। थाना ट्रांस यमुना के प्रभारी निरीक्षक को हटा दिया गया है और नाई की मंडी थानाध्यक्ष हरेंद्र कुमार को नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।
पूछताछ में आरोपी विनय राजपूत ने बताया था कि उसने मृतका का सिर शाहदरा क्षेत्र के झरना नाले में फेंक दिया था। इसके बाद से लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सोमवार को भी 15 गोताखोर नाले में उतारे गए, लेकिन देर शाम तक सिर नहीं मिल सका।
23 जनवरी की रात जवाहर पुल के पास एक बोरे में बंद सिर कटी लाश मिलने से हड़कंप मच गया था। मृतका की पहचान पार्वती विहार निवासी 25 वर्षीय मिंकी शर्मा के रूप में हुई, जो संजय प्लेस स्थित एक निजी कंपनी में एचआर मैनेजर थी।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी विनय राजपूत को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और विवाद के बाद आरोपी ने ऑफिस में चाकू से कई वार कर हत्या की थी।








