यात्रियों के सुरक्षित और आरामदायक सफर के लिए सरकार आधुनिक सुविधाओं वाली ट्रेनों का संचालन कर रही है, लेकिन वंदे भारत एक्सप्रेस पर लगातार हो रही पत्थरबाजी की घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं।ताजा मामला बनारस से खजुराहो जा रही वंदे भारत ट्रेन से जुड़ा है, जहां एक ग्रामीण द्वारा फेंके गए पत्थर से ट्रेन का शीशा टूट गया।
गेटमैन की सूचना पर हरकत में आया RPF
घटना को सबसे पहले गेटमैन ने देखा, जिसके बाद तुरंत रेलवे अधिकारियों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल ने मामले का संज्ञान लिया, केस दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के बाद आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान RPF ने मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने पक्षियों के शिकार के लिए पत्थर फेंका, जो गलती से ट्रेन में जा लगा। जुर्म कबूल करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
हाल ही में हुआ था ट्रेन का उद्घाटन
गौरतलब है कि बनारस–खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस का उद्घाटन 8 नवंबर को किया गया था। ट्रेन शुरू होने के कुछ ही समय बाद इस तरह की घटना सामने आने से रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।








