वंदे भारत: लखनऊ से सहारनपुर के लिए नई एक्सप्रेस रवाना, सफर होगा 1 घंटा तेज़
लखनऊ: लखनऊ से सीधे सहारनपुर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत हो गई है। यह ट्रेन लखनऊ जंक्शन (छोटी लाइन) से शनिवार को रवाना की गई।
इस खास मौके पर पहली यात्रा में स्टूडेंट्स को भी आमंत्रित किया गया, ताकि वे इस नई हाई-स्पीड ट्रेन का अनुभव ले सकें।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी से वंदे भारत एक्सप्रेस को वर्चुअली हरी झंडी दिखाई। ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को रेलवे की ओर से चाय, जूस और ड्राई फ्रूट्स की प्रीमियम सर्विस दी जा रही है।
ट्रेन की अधिकतम रफ्तार 110 किमी प्रति घंटा रखी गई है, जिससे लखनऊ से सहारनपुर की यात्रा अब पहले से लगभग 1 घंटा कम समय में पूरी होगी।
इस नई ट्रेन के साथ ही आज से बनारस–खजुराहो, फिरोजपुर–दिल्ली और एर्नाकुलम–बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस का भी संचालन शुरू किया गया है।
अब लखनऊ से चलने वाली वंदे भारत ट्रेनों की संख्या दो हो गई है, जबकि तीन वंदे भारत ट्रेनें पहले से लखनऊ होकर गुजरती हैं। यानी राजधानी अब उत्तर भारत का एक बड़ा वंदे भारत हब बन गई है।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में हाई-क्लास किचन, फर्स्ट एड की व्यवस्था और रेड कारपेट एंट्रेंस दी गई है।








