राहुल गांधी सुल्तानपुर कोर्ट से लौटते समय रामचेत मोची की दुकान पहुंचे, परिवार से की मुलाकात
कांग्रेस नेता राहुल गांधी सुल्तानपुर में एमपी-एमएलए कोर्ट में बयान दर्ज कराने के बाद लखनऊ लौटते समय अयोध्या-प्रयागराज हाईवे स्थित गुप्तारगंज में रामचेत मोची की दुकान पर रुके। उन्होंने दिवंगत रामचेत को श्रद्धांजलि दी और उनके परिवार से मुलाकात की।
बेटे राघव से की बात, बच्ची को गोद में उठाया
राहुल गांधी विधायक नगर चौराहा स्थित दुकान पर करीब सात मिनट रुके। इस दौरान रामचेत के बेटे राघव से परिवार का हालचाल जाना।उन्होंने कहा कि वह रामचेत की मृत्यु के समय नहीं आ पाए, जिसका उन्हें दुख है। राहुल गांधी ने राघव की बेटी श्रद्धा को गोद में उठाया, उसे चॉकलेट दी और दुलार किया। साथ ही आश्वासन दिया कि जरूरत पड़ने पर वह परिवार के साथ खड़े रहेंगे।
सुल्तानपुर कोर्ट में दर्ज कराया बयान
इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah पर टिप्पणी से जुड़े मानहानि केस में राहुल गांधी ने शुक्रवार को सुल्तानपुर की एमपी-एमएलए कोर्ट में अपना बयान दर्ज कराया। धारा 313 के तहत करीब आधे घंटे तक बंद कक्ष में बयान दर्ज करने की प्रक्रिया चली। राहुल गांधी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताते हुए खुद को बेगुनाह बताया।
9 मार्च को अगली सुनवाई
अदालत परिसर में इस दौरान समर्थकों की भारी भीड़ रही और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।कोर्ट ने मामले में सफाई साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए अगली तारीख 9 मार्च तय की है। उस दिन बचाव पक्ष की ओर से सबूत पेश किए जाएंगे।








