Lucknow Hit and Run: स्कूल फेयरवेल से लौट रहे छात्र ने मचाया कहर, 6 साल के बच्चे की मौत, CCTV VIDEO वायरल
लखनऊ: राजधानी में गुरुवार शाम एक दर्दनाक Lucknow Hit and Run हादसा सामने आया। बंथरा थाना क्षेत्र के कानपुर रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने ऑटो रिक्शा और राहगीरों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 6 साल के दीक्षांत पटेल की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि 5 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं।घटना का CCTV VIDEO सामने आया है, जिसमें कार की तेज रफ्तार और टक्कर का भयावह दृश्य साफ दिखाई दे रहा है।
फेयरवेल पार्टी से लौट रहा था आरोपी
पुलिस के अनुसार, अवध कॉलेजिएट का 21 वर्षीय छात्र गौरव सिंह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ स्विफ्ट कार से स्कूल फेयरवेल पार्टी से लौट रहा था। इसी दौरान उसने नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे चल रहे लोगों व ऑटो को टक्कर मार दी।हादसे के बाद आरोपी अपनी महिला मित्र को उतारकर कार सहित मौके से फरार हो गया।
आरोपी निकला बालिग, पुलिस ने किया गिरफ्तार
शुरुआत में चालक को नाबालिग बताया जा रहा था, लेकिन जांच में स्पष्ट हुआ कि आरोपी 21 वर्षीय बालिग है। पुलिस ने उसकी महिला मित्र से मिली जानकारी के आधार पर पहले दुर्घटना में शामिल स्विफ्ट कार बरामद की और फिर फरार गौरव सिंह को गिरफ्तार कर लिया।अब पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है।
CCTV में दिखी रफ्तार का कहर
पुलिस को घटना का एक्सक्लूसिव CCTV फुटेज मिला है, जिसमें तेज रफ्तार कार राहगीरों को टक्कर मारते हुए दिख रही है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और इसे लेकर लोगों में आक्रोश है।
6 साल के मासूम की मौत, कई घायल
इस भीषण सड़क हादसे में 6 वर्षीय दीक्षांत पटेल की मौत हो गई। अन्य घायलों में 12 साल का अरमान, 42 वर्षीय अवध बिहारी, 35 वर्षीय साधना वर्मा और 60 वर्षीय मीना देवी शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज जारी है।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।








