उत्तर प्रदेश के एटा जिले में स्थित पटना पक्षी विहार अब दुनिया के नक्शे पर अपनी पहचान बना चुका है। पटना पक्षी विहार को आधिकारिक रूप से रामसर साइट (Ramsar Site) घोषित कर दिया गया है। इसके साथ ही यह उत्तर प्रदेश का 11वां वेटलैंड बन गया है, जिसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संरक्षण की मान्यता मिली है।
यह उपलब्धि न केवल प्रदेश की जैव विविधता के लिए अहम है, बल्कि भारत के पर्यावरण संरक्षण प्रयासों को भी नई मजबूती देती है। पटना पक्षी विहार में अब तक 178 प्रजातियों के पक्षी और 252 प्रजातियों की वनस्पतियां दर्ज की जा चुकी हैं, जो इसे एक महत्वपूर्ण प्राकृतिक इकोसिस्टम बनाती हैं।
PM मोदी ने जताई खुशी, दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के एटा स्थित पटना बर्ड सेंचुरी और गुजरात के कच्छ में स्थित छारी-ढांड वेटलैंड को रामसर साइट का दर्जा मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि ये मान्यताएं जैव विविधता के संरक्षण और महत्वपूर्ण इकोसिस्टम की रक्षा के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा, “यह खुशी की बात है कि एटा में पटना बर्ड सेंचुरी और कच्छ में छारी-ढांड रामसर साइट बन गए हैं।”








