UP News: नोटों की गड्डियों के साथ BJP नेता का वीडियो वायरल, 1.43 करोड़ ठगी का सनसनीखेज दावा
उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री गौतम तिवारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह 500 रुपये के नोटों की गड्डियों के बीच नजर आ रहे हैं, जिसे लेकर सियासी गलियारों में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि यह मामला करीब एक महीने पुराना है, जिसमें वाराणसी के जालसाजों ने तंत्र-मंत्र और चमत्कार के नाम पर भाजपा नेता समेत चार लोगों को ठगी का शिकार बनाया। आरोप है कि पैसों को बढ़ाने का लालच देकर ठगों ने बैंक खातों के जरिए 1.43 करोड़ रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए।
तंत्र-मंत्र से पैसे बढ़ाने का झांसा
पीड़ित नेता के अनुसार, मुख्य आरोपी ने हवा में हाथ घुमाकर 50 हजार रुपये की गड्डी ‘उगाने’ का दावा किया, जिससे वह और उनके साथी प्रभावित हो गए। इस झांसे में आकर उन्होंने स्कॉर्पियो गाड़ी और मकान तक बेच दिए, ताकि बड़ी रकम जुटाई जा सके।
नोटों के ढेर के साथ वीडियो बनाकर ब्लैकमेल
जब भाजपा नेता पैसे वापस मांगने बनारस पहुंचे, तो आरोपियों ने एक कमरे में नोटों का ढेर दिखाया और कहा कि यह पैसा तंत्र-मंत्र से सिद्ध है, जिसे छूना अशुभ होगा। इसी दौरान चुपके से उनका वीडियो बना लिया गया, जिसे बाद में ब्लैकमेल करने की नीयत से सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
पुलिस जांच की तैयारी
मामले को लेकर कोतवाली पुलिस का कहना है कि फिलहाल कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार, शिकायत मिलते ही पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








