Codeine Case पर डिप्टी CM केशव मौर्य का तीखा हमला, बोले– दोषी को नहीं बख्शेंगे
केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर एक बार फिर कड़ा हमला बोला। समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में डिप्टी सीएम ने कहा कि समाजवादी पार्टी और माफिया एक-दूसरे के बिना नहीं रह सकते।
केशव मौर्य ने कहा कि कोडीन कफ सिरप कांड में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने दो टूक कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। इस मामले में पुलिस और प्रवर्तन निदेशालय की जांच जारी है और अखिलेश यादव किसी को भी नहीं बचा सकते।
SIR मुद्दे पर अखिलेश यादव पर निशाना
SIR को लेकर अखिलेश यादव के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि बिहार चुनाव में हार के बाद उनका मानसिक संतुलन बिगड़ गया है।उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव हर दिन SIR को लेकर नए शब्दों और नए मुद्दों के साथ भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
SIR को बताया अहम, चुनाव आयोग का जताया आभार
केशव मौर्य ने कहा कि SIR बेहद महत्वपूर्ण प्रक्रिया है और इसके लिए उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग का धन्यवाद किया।उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता हर बूथ पर कड़ी मेहनत कर रहे हैं, जबकि समाजवादी पार्टी के पास जमीनी कार्यकर्ता नहीं हैं।








