UP BJP President: नामांकन के साथ तय माने जा रहे पंकज चौधरी, जानिए पूरा सियासी प्रोफाइल
लखनऊ : उत्तर प्रदेश बीजेपी को जल्द ही नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने जा रहा है। UP BJP President पद के लिए केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और महराजगंज से सांसद पंकज चौधरी ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े, वरिष्ठ नेता महेंद्र नाथ पांडे और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी मौजूद रहीं।
पंकज चौधरी के नामांकन के बाद यह लगभग तय माना जा रहा है कि वही यूपी बीजेपी के अगले प्रदेश अध्यक्ष होंगे। अब तक किसी अन्य नेता ने नामांकन दाखिल नहीं किया है, ऐसे में रविवार को औपचारिक घोषणा होने की संभावना है।
कुर्मी (ओबीसी) चेहरे पर बीजेपी का फोकस
पंकज चौधरी कुर्मी बिरादरी से आते हैं और ओबीसी वर्ग के बड़े नेताओं में गिने जाते हैं। यदि वे प्रदेश अध्यक्ष बनते हैं, तो कुर्मी समाज से आने वाले चौथे प्रदेश अध्यक्ष होंगे। इससे पहले विनय कटियार, ओम प्रकाश सिंह और स्वतंत्र देव सिंह इस समुदाय से प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं।
पार्टी के भीतर इसे ओबीसी राजनीति और पूर्वांचल में संगठन मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है, खासकर 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए।
पार्षद से सांसद तक का सफर
पंकज चौधरी ने राजनीति की शुरुआत 1989 में नगर निगम गोरखपुर के पार्षद के रूप में की थी। उसी चुनाव में वे उप-सभापति भी बने।1991 में मात्र 27 वर्ष की उम्र में उन्हें महराजगंज लोकसभा सीट से बीजेपी ने टिकट दिया और वे पहली बार सांसद बने।इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और लगातार पार्टी के मजबूत स्तंभ बने रहे।
7 बार सांसद, मजबूत चुनावी रिकॉर्ड
1991 से 2024 तक पंकज चौधरी का चुनावी रिकॉर्ड बेहद प्रभावशाली रहा है।उन्होंने 1991, 1996, 1998, 2004, 2014, 2019 और 2024 में महराजगंज से जीत दर्ज की।सिर्फ 1999 और 2009 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा।2024 लोकसभा चुनाव में उन्हें अपने गढ़ में कड़ी चुनौती मिली, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी को 35,451 वोटों से हराकर लगातार दूसरी हैट्रिक और कुल सातवीं जीत दर्ज की।
हर सियासी दौर में बीजेपी के साथ
पंकज चौधरी को पार्टी का निष्ठावान और जमीनी नेता माना जाता है। विपरीत राजनीतिक परिस्थितियों में भी वे हमेशा बीजेपी के साथ मजबूती से खड़े रहे।पूर्वांचल और तराई क्षेत्र में बीजेपी का जनाधार बढ़ाने में उनकी अहम भूमिका मानी जाती है।
जिला पंचायत पर मजबूत पकड़
महराजगंज जिला पंचायत पर चौधरी परिवार का लंबे समय से प्रभाव रहा है।पहले उनके बड़े भाई, फिर माता जिला पंचायत अध्यक्ष रहीं। इसके बाद भी जिले की राजनीति में पंकज चौधरी की मजबूत पकड़ बनी रही, जिसे सपा और बसपा सरकारें भी कमजोर नहीं कर सकीं।
केंद्र में मंत्री और संगठन में इनाम
पंकज चौधरी वर्तमान में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री हैं।
- 2021: मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में पहली बार मंत्री बने
- 2024: तीसरे कार्यकाल में भी दोबारा मंत्री बनाए गए
करीब 35 साल के राजनीतिक अनुभव और संगठनात्मक निष्ठा का इनाम अब उन्हें प्रदेश अध्यक्ष पद के रूप में मिलने जा रहा है।
पंकज चौधरी की संक्षिप्त प्रोफाइल
- जन्म: 15 नवंबर 1964
- शिक्षा: स्नातक
- पेशा: उद्योग और कृषि
- राजनीतिक शुरुआत: 1989 (नगर पार्षद)
- लोकसभा सांसद: 7 बार (महराजगंज)
- वर्तमान पद: केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री








