शंकराचार्य अपमान मामला: बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री सस्पेंड, विभागीय जांच शुरू
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के अपमान से जुड़े मामले में इस्तीफा देने वाले बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री को शासन ने निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश जारी किए गए हैं। हालांकि, फिलहाल उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही सरकार इस्तीफे पर अंतिम फैसला लेगी।
शासन ने पूरे मामले की जांच बरेली मंडल के कमिश्नर को सौंपी है। निलंबन के बाद अलंकार अग्निहोत्री को शामली से अटैच कर दिया गया है।
शंकराचार्य ने फोन पर की बात, दिया समर्थन
देर रात शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री से फोन पर बातचीत की। शंकराचार्य ने कहा कि “पूरा सनातनी समाज आपसे प्रसन्न है। जो पद आपको सरकार ने दिया था, उससे बड़ा पद धर्म के क्षेत्र में आपको दिया जाएगा।” इस बयान के बाद मामला और अधिक चर्चा में आ गया है।
गणतंत्र दिवस पर दिया था इस्तीफा
अलंकार अग्निहोत्री ने गणतंत्र दिवस के दिन अपने पद से इस्तीफा दिया था। उन्होंने इस्तीफे की वजह UGC का नया कानून और शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के शिष्यों के साथ हुई कथित पिटाई को बताया था। इस संबंध में उन्होंने 5 पेज का पत्र भी लिखा था।
इस्तीफे के बाद शाम करीब साढ़े 7 बजे वे डीएम अविनाश सिंह से मिलने उनके आवास पहुंचे थे। बाहर आने पर अग्निहोत्री ने आरोप लगाया कि उन्हें डीएम आवास में करीब 45 मिनट तक बंधक बनाकर रखा गया, बाद में SSP के कहने पर छोड़ा गया।







