Republic Day 2026: लखनऊ में 77वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया
राजधानी लखनऊ में 77वां गणतंत्र दिवस 2026 रंगारंग और भव्य कार्यक्रमों के साथ पूरे उत्साह से मनाया गया। इस राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर यूपी विधानभवन में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने तिरंगा फहराया और इसके बाद परेड की सलामी ली। समारोह के दौरान राष्ट्रगान का गायन हुआ, जिसने माहौल को देशभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया।
राज्यपाल ने देश और प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, केशव प्रसाद मौर्य और यूपी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान हाथों में तिरंगा लिए स्कूली बच्चों ने सेना का उत्साह बढ़ाया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए देशभक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मौजूद लोगों का मन मोह लिया। परेड के दौरान सेना के शक्ति प्रदर्शन ने लोगों में देशप्रेम और गर्व की भावना भर दी।
राष्ट्रगान के साथ-साथ भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर शनिवार शाम तक सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं।
परेड के दौरान भारतीय सेना की आर्टिलरी रेजिमेंट के टैंक पीएलपी-टू सारथ (विजय रथ) का भव्य प्रदर्शन किया गया। इस टैंक का नेतृत्व मेजर ओंकार निषाद ने किया। टैंक के प्रदर्शन के समय राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने खड़े होकर सलामी दी और सेना का मनोबल बढ़ाया।








