गणतंत्र दिवस से पहले पंजाब में सुरक्षा अलर्ट बढ़ गया है। शुक्रवार रात करीब 9 बजे सरहिंद रेलवे स्टेशन की आउटर लाइन पर उस समय धमाका हुआ, जब एक इंजन वहां से गुजर रहा था। देर रात करीब 11 बजे घटना की सूचना राजकीय रेलवे पुलिस को दी गई।
धमाके में एक मालगाड़ी के सुरक्षा अधिकारी को मामूली चोट आने की जानकारी है। पुलिस के अनुसार, घायल अधिकारी पूरी तरह सुरक्षित हैं। यह धमाका उस रेलवे ट्रैक पर हुआ है, जहां से केवल मालगाड़ियां गुजरती हैं, इसलिए यात्री ट्रेनों या आम लोगों को किसी तरह का खतरा नहीं है।
आतंकी साजिश या तकनीकी खराबी की जांच
घटना के बाद जीआरपी ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मौके पर पुलिस और एफएसएल टीम ने जांच कर जरूरी सबूत जुटाए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि धमाका किसी साजिश का हिस्सा था या इंजन में तकनीकी खराबी के कारण हुआ।रेलवे के तकनीकी विशेषज्ञ भी इंजन और ट्रैक की जांच कर रहे हैं। धमाके से इंजन के शीशे टूट गए हैं, जबकि रेलवे ट्रैक को भी हल्का नुकसान पहुंचा है।
गणतंत्र दिवस से पहले बढ़ाई गई सुरक्षा
गणतंत्र दिवस नजदीक होने के कारण पहले से ही सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। घटना के बाद रेलवे और आसपास के इलाकों में निगरानी और सख्त कर दी गई है।








