मेरठ का चर्चित सौरभ हत्याकांड एक बार फिर सुर्खियों में है। इस हाई-प्रोफाइल केस की आरोपी मुस्कान रस्तोगी ने मेडिकल कॉलेज में एक बच्ची को जन्म दिया है। मुस्कान वही महिला है जिस पर आरोप है कि उसने अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर पति सौरभ की हत्या की और उसके शव को कई टुकड़ों में काटकर नीले ड्रम में बंद कर सीमेंट से जाम कर दिया था।
मुस्कान और साहिल दोनों फिलहाल जेल में बंद हैं। गर्भवती होने की वजह से मुस्कान को रविवार रात मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार शाम 6–7 बजे के बीच बच्ची का जन्म हुआ। जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं और पूरे समय एक 8 सदस्यीय पुलिस टीम सुरक्षा में तैनात रही।
मुस्कान ने नवजात का नाम रखा ‘राधा’
जेल प्रशासन के अनुसार, मुस्कान ने पहले ही बता दिया था कि बेटी होने पर वह उसका नाम ‘राधा’ रखेगी। बच्ची का वजन लगभग 2.5 किलो बताया गया है और मां-बेटी दोनों स्वस्थ हैं।
सौरभ के परिवार ने की DNA टेस्ट की मांग
सौरभ के भाई बबलू ने कहा: “हमने DNA टेस्ट की मांग की है। अगर एक प्रतिशत भी बच्चा सौरभ का निकला, तो हम उसे तुरंत रखेंगे, वरना उसकी जिम्मेदारी मुस्कान की होगी। अगर उसे कोई नुकसान हुआ तो जिम्मेदार अदालत होगी।”परिवार का दावा है कि मुस्कान माइंड गेम खेल रही है और जनता की सहानुभूति पाने की कोशिश कर रही है।
परिवार का आरोप—“सौरभ के जन्मदिन पर डिलीवरी भी माइंड गेम”
दिलचस्प बात यह है कि बच्ची का जन्म सौरभ के जन्मदिन पर ही हुआ। इस पर बबलू ने कहा:“डॉक्टर ने ड्यू डेट चार दिन बाद बताई थी। लेकिन उसने जन्मदिन वाले दिन डिलीवरी कराई। यह भी उसका माइंड गेम है।”
जेल अधीक्षक ने बताया—“6 साल तक मां के साथ रह सकेगी बच्ची”
सीनियर जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा ने बताया:
मुस्कान मार्च में जेल में आई थी और उस समय गर्भवती थी
बच्ची पूरी तरह स्वस्थ है
जेल मैनुअल के अनुसार बच्चा 6 साल तक मां के साथ महिला बैरक में रह सकता है
कपड़े, बर्तन, अतिरिक्त भोजन, टीकाकरण और दवाइयाँ जेल प्रशासन मुफ्त उपलब्ध कराएगा
सह-आरोपी साहिल को बच्ची के जन्म की सूचना दे दी गई, लेकिन उसने कोई विशेष प्रतिक्रिया नहीं दी।
मुस्कान के परिवार की चुप्पी, अस्पताल में नहीं आया कोई सदस्य
जेल प्रशासन के अनुसार, मुस्कान के परिवार का कोई भी व्यक्ति अभी तक अस्पताल नहीं पहुँचा है।दूसरी ओर, सौरभ के परिवार का कहना है:“बच्ची की जिम्मेदारी जेल प्रशासन और कानून की है, क्योंकि मुस्कान से हमारा कोई संबंध नहीं रहा।”








