नवाब वाजिद अली शाह प्राणी उद्यान में डियर सफारी से हिरण चोरी करने की कोशिश का मामला सामने आया है। चिड़ियाघर प्रशासन ने बताया कि चार युवक पेड़ की डाल और रस्सी की मदद से डियर सफारी के बाड़े में घुस गए और हिरण के बच्चों को फंदे से पकड़ने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान कीपर की नजर पड़ते ही एक युवक को पकड़ा गया, जबकि बाकी आरोपी मौके से फरार हो गए।
रस्सी और पेड़ की डाल से बाड़े में घुसे थे आरोपी
सूत्रों के अनुसार, शाम करीब चार बजे डियर सफारी के कीपर ने देखा कि चार युवक गूलर के पेड़ की डाल और रस्सी के सहारे बाड़े में उतर आए हैं। सभी हिरणों के बच्चों को दौड़ाकर रस्सी के फंदे से पकड़ने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान बाड़े के बाहर खड़ा एक व्यक्ति उन्हें दिशा-निर्देश दे रहा था।
कीपर की सतर्कता से बचा वन्यजीव चोरी का प्रयास
जैसे ही कीपर ने शोर मचाया और आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की, चारों युवक रस्सी और डाल के सहारे दीवार फांदकर भाग निकले। इसके बाद चिड़ियाघर प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और एक आरोपी को हिरासत में ले लिया।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज
पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए Wildlife Protection Act के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।








