Lucknow News: लोकभवन के गेट नंबर 9 पर महिला ने आत्मदाह की कोशिश की, पुलिस ने समय रहते बचाया
राजधानी लखनऊ स्थित लोकभवन के गेट नंबर 9 पर गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला अपने भांजे के साथ आत्महत्या की कोशिश करने पहुंची। महिला ने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डाल लिया था, लेकिन आग लगाने से पहले ही लखनऊ पुलिस ने उसे मौके पर पकड़ लिया।
पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसकी पहचान काकोरी निवासी नीतू कुमारी के रूप में हुई है।
जमीन विवाद बना सुसाइड की कोशिश की वजह
पूछताछ में नीतू कुमारी ने बताया कि उसके भाई अजय कुमार की काकोरी थाना क्षेत्र के पानींद्र गांव में जमीन है। आरोप है कि गांव के दबंग नीरज कुमार ने रास्ता देने के नाम पर 8 बिस्वा जमीन पर कब्जा कर लिया है।
महिला का कहना है कि जब भी वे लोग खेत पर जाते हैं, तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी जाती है। नीतू के साथ रहने वाला उसका भांजा लालता प्रसाद भी लगातार धमकियों का सामना कर रहा है।
पुलिस पर सुनवाई न होने का आरोप
नीतू कुमारी ने आरोप लगाया कि जमीन कब्जे और धमकियों को लेकर थाने में कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी से परेशान होकर वह लोकभवन पहुंची और आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की।








