लखनऊ के इंदिरा नगर इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पति के एक मजाक से आहत होकर पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान तनु सिंह के रूप में हुई है, जो सआदतगंज लकड़मंडी की रहने वाली थीं। तनु ने करीब चार साल पहले इंदिरा नगर तकरोही निवासी राहुल श्रीवास्तव से प्रेम विवाह किया था। राहुल पेशे से ऑटो चालक है और दंपती इंदिरा नगर में किराए के मकान में रह रहे थे।
परिजनों के मुताबिक, बुधवार शाम परिवार सीतापुर से एक रिश्तेदार के घर से लौटकर आया था। घर में हंसी-मजाक का माहौल था। इसी दौरान राहुल ने मजाक में पत्नी को ‘बंदरिया’ कह दिया। यह बात तनु को गहरी ठेस पहुंचा गई और वह नाराज होकर अपने कमरे में चली गई।
करीब एक घंटे बाद जब खाने के लिए आवाज दी गई और कोई जवाब नहीं मिला, तो दरवाजा अंदर से बंद पाया गया। खिड़की से झांकने पर देखा गया कि तनु रोशनदान में कपड़े का फंदा लगाकर लटकी हुई थी। आनन-फानन में दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा गया और तुरंत डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की बहन अंजलि ने बताया कि तनु को मॉडलिंग का शौक था और वह अपनी पर्सनैलिटी को लेकर काफी संवेदनशील रहती थी। उनका कहना है कि मजाक में कही गई बात से वह बेहद आहत हो गई थी।








