लखनऊ में आज गणतंत्र दिवस 2026 के मद्देनज़र फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया गया। रिहर्सल परेड की शुरुआत चारबाग से हुई, जो बर्लिंगटन चौराहा, विधानसभा होते हुए केडी सिंह बाबू स्टेडियम पर संपन्न हुई। पूरे मार्ग पर देशभक्ति, शौर्य और अनुशासन का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।
फुल ड्रेस रिहर्सल में हथियारों से लैस एटीएस जवान, उनके आगे चलती सेना की तोप, बख्तरबंद गाड़ियां, सेना के ट्रक और टैंक शामिल रहे। देशभक्ति गीतों पर प्रस्तुति देते छात्र-छात्राओं ने लोगों को गर्व से भर दिया। परेड के दौरान डमी राज्यपाल को सिपाहियों ने सलामी दी, जबकि गोरखा रेजिमेंट के पाइप बैंड ने शानदार प्रदर्शन किया।
9 राज्यों की संयुक्त सांस्कृतिक प्रस्तुति
इस बार गणतंत्र दिवस समारोह की थीम ‘विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश’, ‘वंदेमातरम’ और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ रखी गई है। इसी क्रम में फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान 9 राज्यों की संयुक्त सांस्कृतिक प्रस्तुति भी देखने को मिली, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया।
ट्रैफिक डायवर्जन लागू
रिहर्सल के चलते विधानसभा, हजरतगंज, चारबाग और केडी सिंह बाबू स्टेडियम क्षेत्र में ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया। सुरक्षा को देखते हुए पूरे रूट पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
26 जनवरी को होगा मुख्य समारोह
प्रशासन के अनुसार, 26 जनवरी को मुख्य परेड और झांकियां निकाली जाएंगी, जिसमें सेना, पुलिस और सांस्कृतिक दल भाग लेंगे।








