Lucknow University Protest: UGC New Rules के समर्थन में छात्रों का हंगामा, पुलिस ने घेरकर हिरासत में लिया
Lucknow University में शुक्रवार को UGC New Rules के समर्थन में विभिन्न छात्र संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया। छात्र ‘समता संवर्धन मार्च’ निकालना चाहते थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस और RRF ने कैंपस को घेर लिया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई छात्रों को हिरासत में लेकर वाहनों में बैठाया।करीब 350 छात्रों के इस प्रदर्शन में छात्र-पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली।
मार्च से पहले पुलिस एक्शन
प्रदर्शनकारी छात्र विश्वविद्यालय परिसर से बाहर मार्च निकालने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने गेट पर ही उन्हें रोक दिया। इसके बाद छात्र जमीन पर बैठकर विरोध जताने लगे।
स्थिति तनावपूर्ण होने पर RRF को भी बुलाया गया। कुछ छात्रों को सड़क से उठाकर पुलिस वाहन में बैठाया गया। एक छात्र ने खुद को प्रदर्शन से अलग बताते हुए विरोध किया, जिसके बाद उसे छोड़ दिया गया।
इन छात्र संगठनों ने लिया हिस्सा
UGC नियमों के समर्थन में हुए इस प्रदर्शन में समाजवादी छात्र सभा, AISA, NSUI, SCS, BASF, SFI, BAPSA, युवा और अंबेडकरवादी विद्यार्थी संघ सहित लगभग एक दर्जन छात्र संगठन शामिल रहे।
छात्रों के क्या हैं तर्क?
“भेदभाव नहीं करते तो डर क्यों?”
छात्र नेता राणा सुधांशु ने कहा कि नए UGC नियम समानता को बढ़ावा देते हैं। उनका दावा है कि अगर संस्थानों में जातिगत भेदभाव नहीं होता, तो इन नियमों से डरने की जरूरत नहीं है।
“जातिगत आधार पर नंबर काटे जाते हैं”
प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालयों में जाति के आधार पर भेदभाव होता है। उन्होंने रोहित वेमुला जैसे मामलों का हवाला देते हुए कहा कि समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए नए नियम जरूरी हैं।
“सरकार पक्षपाती रवैया अपना रही”
कुछ छात्रों ने आरोप लगाया कि विरोध करने वालों को सहयोग मिलता है, जबकि समर्थन में प्रदर्शन करने वालों को पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ता है।
Supreme Court और UGC New Rules पर विवाद
छात्रों का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट ने पहले नए नियमों को लेकर कमेटी गठित की थी, लेकिन हाल ही में उस पर स्टे लगा दिया गया। प्रदर्शनकारी छात्रों का मानना है कि यह नियम सभी वर्गों के लिए समान अवसर सुनिश्चित करेंगे।







